भीषण गर्मी में बढ़ी शराब की खपत, एक दिन में 41.75 करोड़ की बिक्री, छोटे जिलों में भी रिकॉर्ड उछाल

रायपुर, 26 अप्रैल 2026। प्रदेश में बढ़ती गर्मी के साथ शराब की खपत भी तेजी से बढ़ती नजर आ रही है। हाल ही में जारी बिक्री रिपोर्ट के मुताबिक 22 अप्रैल को पूरे छत्तीसगढ़ में एक ही दिन में 41 करोड़ 75 लाख रुपये से अधिक की शराब की बिक्री दर्ज की गई, जो चौंकाने वाला आंकड़ा है।
पिछले साल के मुकाबले 23% ज्यादा बिक्री
जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2025 को यह आंकड़ा 33.86 करोड़ रुपये था। इस साल इसमें करीब 23.3 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है, जो शराब की बढ़ती मांग को दर्शाता है।
अप्रैल में अब तक 866 करोड़ की खपत
अप्रैल महीने के शुरुआती 22 दिनों में ही प्रदेश में 8 अरब 66 करोड़ रुपये से अधिक की शराब बिक चुकी है। नए वित्तीय वर्ष की शुरुआत के साथ बाजार में नए ब्रांड्स की एंट्री से पुराने और नए दोनों तरह के ब्रांड्स की मांग में इजाफा देखा गया है।
बड़े शहरों में सबसे ज्यादा बिक्री
जिलों के अनुसार देखें तो राजधानी रायपुर सबसे आगे रहा, जहां 7 करोड़ 59 लाख रुपये की बिक्री हुई। इसके बाद दुर्ग में 5 करोड़ 9 लाख 81 हजार और बिलासपुर में 3 करोड़ 71 लाख 39 हजार रुपये की शराब की बिक्री दर्ज की गई।
इन जिलों में सबसे कम खपत
वहीं, सबसे कम बिक्री नारायणपुर जिले में 7 लाख 46 हजार रुपये और सुकमा में 11 लाख 62 हजार रुपये दर्ज की गई।
छोटे जिलों में सबसे ज्यादा ग्रोथ
हालांकि, छोटे जिलों में वृद्धि दर ने सबको चौंकाया है। कोरिया जिले में 78.4 प्रतिशत, सुकमा में 74 प्रतिशत और सूरजपुर में 65.9 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
कुछ क्षेत्रों में गिरावट भी
रिपोर्ट में यह भी सामने आया है कि नारायणपुर और बीजापुर जैसे इलाकों में पिछले साल की तुलना में इस बार शराब की बिक्री में गिरावट आई है।
