चोटिया में पुलिस चौकी के प्रस्तावित जगह पर अतिक्रमण, नोटिस तो दिया लेकिन कार्रवाई नहीं

कोरबा 26 अपै्रल। सरकारी जमीनों पर अतिक्रमण के मामलों में लचर रवैया के कारण लोगों के हौसले बढ़ रहे हैं। कोरबा जिले के चोटिया में पुलिस चौकी के लिए प्रस्तावित जगह पर एक व्यक्ति ने अवैध रूप से कब्जा कर रखा है। हैरानी की बात यह है कि नायब तहसीलदार ने इसे हटाने के लिए एक महीने पहले नोटिस जरूर दिया लेकिन अगली कार्रवाई नहीं की। स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों ने इस बारे में कलेक्टर से शिकायत की है।

नेशनल हाईवे 130 पर चोटिया में पुलिस चौकी भवन बनाने के लिए बीते वर्षों में जगह को आईडेंटिफाई किया गया और इसे सुरक्षित भी कर लिया गया। खबर के अनुसार किसी अशोक दास नाम के व्यक्ति ने यहां पर अवैध रूप से अतिक्रमण कर लिया। मुख्य मार्ग पर और भी कई लोगों के द्वारा इस प्रकार की हरकत की गई है। इनके रवैया से सरकारी योजनाओं को क्रियान्वित करने में दिक्कत खड़ी हो गई है वही दूसरों को भी इस प्रकार के काम करने की प्रेरणा मिल रही है। अतिक्रमण संबंधित गतिविधियों के चलते स्थानीय स्तर पर समस्याएं खड़ी हो रही हैं और सिस्टम पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार पुलिस चौकी भवन के लिए जो जगह प्रस्तावित की गई थी वह अतिक्रमण का शिकार हो गई है। इस प्रकरण में एक महीने शिकायत मिलने पर एक महीने पहले नायब तहसीलदार पौड़ी उपरोला के द्वारा दास को नोटिस जारी किया गया। लेकिन उसने सरकारी नोटिस को बहुत हल्के से लिया और अतिक्रमण को हटाने में कोई रुचि नहीं ली। लंबा समय गुजारने पर भी प्रशासन में अतिक्रमण को ध्वस्त करने में जरूरी कदम नहीं उठाएं। इसलिए स्थानीय सरपंच और ग्रामीणों की ओर से इस मामले की जानकारी कोरबा कलेक्टर कुणाल दुदावत के संज्ञान में लाया गया है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि व्यापक जनहित से संबंधित मामले को ध्यान में रखते हुए सरकारी जमीन से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की जाए।

Spread the word