ईरान-अमरीका के बीच वार्ता फिर शुरू होने की कोशिशों को शनिवार को बड़ा झटका लगा

तेहरान / वाशिंगटन। ईरान-अमरीका के बीच वार्ता फिर शुरू होने की कोशिशों को शनिवार को फिर झटका लगा है। अमरीकी प्रतिनिधिमंडल के पाकिस्तान पहुंचने से पहले ही ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची अपना दौरा खत्म कर वहां से चले गए। उन्होंने पहले ही कहा था कि आमने-सामने की कोई बातचीत नहीं होगी। इससे पहले अराघची ने सबसे पहले पाकिस्तान के सेना प्रमुख आसिम मुनीर से मुलाकात की। बताया जा रहा है कि उन्होंने जंग खत्म करने पर अपनी शर्तें और प्रस्ताव के मुख्य बिंदु पाकिस्तान को बता दिए हैं। इसके बाद अराघची ने पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से भी मुलाकात की और पश्चिम एशिया की स्थिति पर बात की।

ईरान ने बातचीत से इनकार करते हुए पहले होर्मुज की नाकेबंदी खत्म करने और नुकसान की भरपाई करने शर्त रखी है। वहीं, अमरीकी राष्ट्रपति डॉनल्ड ट्रंप ने एकबार फिर कहा है कि ईरान की ओर से एक प्रस्ताव आया है जिस पर विचार किया जा रहा है। जब तक कोई ठोस समझौता नहीं होगा, समुद्री नाकेबंदी जारी रहेगी।

जासूसी के आरोप में एक को फांसी, 240 गिरफ्तार

ईरान ने युद्ध के दौरान इजराइली खुफिया एजेंसी मोसाद के लिए जासूसी करने के आरोपी युवक को फांसी की सजा दी है। इसके अलावा आईजीआरसी ने जासूसी के आरोप में 240 संदिग्धों को ईरान में अलग-अलग जगहों से गिरफ्तार किया है।

सीजफायर अपडेट

* लेबनान और गाजा में इजराइल की बमबारी, 12 की मौत।

* अमरीका ने चीन की 40 शिपिंग कंपनियों पर बैन लगाया।

* ईरान ने अंतरराष्ट्रीय विमान सेवाएं शुरू कीं।

* इंटरनेशनल चेंबर ऑफ शिपिंग ने अमरीका और ईरानी नाकेबंदी को अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन करार दिया।

ब्रिटेन को झटका दे सकता है अमरीका

ईरान के साथ युद्ध में साथ न देने पर अब अमरीका ब्रिटेन के झटका दे सकता है। एक लीक रिपोर्ट के अनुसार पेंटागन दक्षिण अमरीका के सुदूर कोने में स्थित फॉकलैंड द्वीप समूह पर ब्रिटेन के दावे वाली अमरीकी नीति की समीक्षा कर रहा है। अर्जेंटीना इसे अपना मानता है।

Spread the word