ग्राम झाबू में राखड़ डेम फूटाः मलबे में दबकर जेसीबी ऑपरेटर की मौत, मजदूरों के बीच मची अफरा-तफरी

कोरबा 19 अप्रैल। जिले के एचटीपीपी क्षेत्र अंतर्गत ग्राम झाबू में स्थित राखड़ डेम फूटने से बड़ा हादसा हो गया। अचानक हुए इस घटनाक्रम में वहां कार्यरत एक जेसीबी ऑपरेटर राख के मलबे में बहकर दब गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में सनसनी फैल गई और मजदूरों के बीच अफरा-तफरी मच गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सीएसईबी पश्चिम के डेम के एक हिस्से में अचानक दबाव बढ़ा और देखते ही देखते राख का सैलाब बह निकला। उस समय श्रब्ठ चला रहा ऑपरेटर कुछ समझ पाता, उससे पहले ही राख के दलदल ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। आसपास मौजूद कर्मचारियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन राख का दबाव इतना अधिक था कि ऑपरेटर मशीन सहित दब गया।
घटना की जानकारी मिलते ही प्रबंधन और सुरक्षा अमला मौके पर पहुंचा तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। साथ ही प्रशासनिक अधिकारियों को भी सूचित कर दिया गया है। हालांकि, देर होने के कारण ऑपरेटर को बचाया नहीं जा सका।
स्थानीय लोगों ने इस हादसे को लेकर प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि राखड़ डेम की सुरक्षा व्यवस्था पहले से ही सवालों के घेरे में रही है, लेकिन बार-बार चेतावनी के बावजूद आवश्यक सुधार नहीं किए गए। नतीजतन, एक और मजदूर को अपनी जान गंवानी पड़ी।
यह दर्दनाक घटना एक बार फिर औद्योगिक सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़े करती है। क्षेत्र में तनाव का माहौल है और जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठने लगी है। अब देखना होगा कि इस मामले में प्रशासन क्या कदम उठाता है और भविष्य में ऐसे हादसों को रोकने के लिए क्या उपाय किए जाते हैं।
