उरगा में ब्लैक में बिक रहा डीजल, पंप मालिक पर आईओसी मेहरबान, क्या खाद्य विभाग है अनजान..?

उरगा में पेट्रोल पंप संचालक इस धन्ना सेठ पर प्रशासन क्या कार्रवाई करता है यह देखना दिलचस्प होगा

कोरबा 19 अप्रैल। इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन जहां कोरबा शहर सहित जिले के विभिन्न पेट्रोल पंप को पेट्रोल डीजल की आपूर्ति में कटौती कर रहा है; वहीं दूसरी ओर कोरबा चांपा मार्ग पर उरगा के एक पेट्रोल पंप पर उसकी खास कृपा बरस रही है, जहां ब्लैक में डीजल बेचा जा रहा है।

मिली जानकारी के अनुसार एक और जहां शहरी क्षेत्र में आम उपभोक्ता एक-एक लीटर पेट्रोल और डीजल के लिए तरसने लगे हैं, वहीं दूसरी ओर उरगा जैसे ग्रामीण क्षेत्र के एक पेट्रोल पंप में प्रतिदिन डीजल की आपूर्ति की जा रही है। इस पेट्रोल पंप में प्रति लीटर ₹5 की अधिक राशि लेकर डीजल का विक्रय किया जा रहा है। संदेह जताया जा रहा है कि आइओसी में इस पंप संचालक की किसी अधिकारी से सांठगांठ है, जिसके चलते इसे प्रतिदिन 28 से 30 किलोलीटर डीजल की आपूर्ति की जा रही है। इस पेट्रोल पंप पर प्रति लीटर ₹5 अतिरिक्त देकर कोई भी व्यक्ति डीजल ले सकता है। इस धन्नासेठ पंप संचालक को आईओसी से दी जा रही यह सुविधा और खुलेआम की जा रही डीजल की कालाबाजारी आम लोगों के साथ-साथ पेट्रोल पंप संचालको के बीच भी चर्चा का विषय बना हुआ है।

आपको बता दें कि कोरबा एक औद्योगिक जिला है। यहां अकेले एस ई सी एल की कोयला खदानों से प्रतिदिन बड़ी तादाद में कोयला का परिवहन किया जाता है। सैंकड़ों डंपर और ट्रेलर इस कार्य में लगे हुए हैं। डीजल के अभाव में इन वाहनों के पहिए थम जाते हैं तो एक और जहां सीसीएल को कोयला डिस्पैच का लक्ष्य पूरा करने में कठिनाई होगी, वहीं दूसरी ओर छोटे बड़े कोल ट्रांसपोर्टर को भी आर्थिक क्षति उठानी पड़ेगी। पहले से ही कम किराया मिलने के कारण धार धार आंसू बहा रहे कोल ट्रांसपोर्टर मजबूर होकर ब्लैक में डीजल खरीद रहे हैं। इसी तरह अन्य लोग भी उरगा के इस पेट्रोल पंप से ब्लैक में डीजल खरीदने के लिए बाध्य हो रहे हैं।

डीजल की कालाबाजारी में लिप्त इस धन्ना सेठ पर आईओसी के अलावा खाद्य विभाग भी बड़ा मेहरबान है। यही वजह है कि उक्त धन्ना सेठ खुलेआम डीजल की कालाबाजारी कर रहा है। डीजल की कालाबाजारी करने वाले इस धन्ना सेठ पर प्रशासन कब और क्या कार्रवाई करता है यह देखना होगा।

Spread the word