जल जीवन मिशन के तहत 1.26 करोड़ खर्च, नल कनेक्शन में पानी का आता-पता नहीं

कोरबा 16 अपै्रल। जल जीवन मिशन के तहत पौड़ी उपरौड़ा में 1 करोड़ 26 लाख रुपये की लागत से 140 किलो लीटर क्षमता की पानी टंकी बन गई है। इस पर भी लोगों के हिस्से में पानी नहीं आ सका। हालत यह है की इस प्रोजेक्ट पर किए गए दूसरे कामकाज भी प्रभावित हो रहे हैं। ऊपर से गर्मी के मौसम में लोग पानी के लिए परेशान है।
लोक स्वास्थ्य यांत्रिकीय विभाग की देखरेख में ठेकेदार के द्वारा जल जीवन मिशन के तहत जल उपलब्धता के लिए कार्य कराया गया। पानी टंकी से लेकर पाइपलाइन और नल कनेक्शन के मामले में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए खर्च किए गए। इतना सब कुछ होने पर भी नल कनेक्शन में पानी का आता पता नहीं है । कई जगहों पर लगे स्टैंड पोस्ट टूट चुके हैं । पाइपलाइन कहीं ब्लॉक है तो कहीं से पानी की सप्लाई ही नहीं हो रही है। हालात ऐसे हैं कि लोगों को पानी के लिए परेशान होना पड़ रहा है, जबकि गर्मी अभी और बढनी बाकी है। काम अधूरा होने के कारण ठेकेदार को पूरा भुगतान भी नहीं मिला है। वर्तमान में ठेकेदार के कर्मचारी पाइपलाइन सुधारने में लगे हैं, लेकिन काम बहुत धीमी गति से चल रहा है, जिससे समस्या बनी हुई है। इसलिए पुराने पानी टंकी से ही सप्लाई की जा रही है।
नई टंकी से पुराने कनेक्शन जोडने की योजना है, लेकिन नए लगाए गए कनेक्शन पहले ही खराब हो चुके हैं। ऐसे में नियमित जल सप्लाई शुरू करना चुनौती बन गया है। लोगों की समझ से बाहर है कि अगर पूरा काम योजना के तहत किया गया तो फिर समय पर जलापूर्ति का मसला इतना विलंबित क्यों हुआ?
