वेदांता पावर प्लांट में भीषण हादसा: बॉयलर फटने से कई मजदूर झुलसे, मौत की आशंका

सक्ती 14 अप्रैल 2026। सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को एक बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में अचानक बॉयलर फटने से जोरदार विस्फोट हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा उस समय हुआ जब प्लांट में नियमित कार्य चल रहा था। अचानक तेज धमाके के साथ बॉयलर फट गया और आसपास काम कर रहे कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए। विस्फोट इतना भीषण था कि उसकी आवाज दूर-दूर तक सुनी गई, जिससे इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में करीब 30 से 40 मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की खबर है। कई कर्मचारी बुरी तरह झुलस गए हैं, जिन्हें तत्काल नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। वहीं 7 से 10 लोगों की मौत की आशंका जताई जा रही है, हालांकि प्रशासन की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
घटना के बाद प्लांट परिसर में हड़कंप मच गया। राहत और बचाव कार्य तुरंत शुरू किया गया। प्लांट प्रबंधन और स्थानीय प्रशासन की टीम मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने में जुटी हुई है। एंबुलेंस और फायर ब्रिगेड की गाड़ियां भी मौके पर पहुंचीं और घायलों को बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, विस्फोट के बाद प्लांट के अंदर आग और धुएं का गुबार फैल गया, जिससे हालात और भी भयावह हो गए। कई कर्मचारी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते नजर आए। फिलहाल हादसे के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर तकनीकी खराबी या लापरवाही की आशंका जताई जा रही है। प्रशासन ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं।
