स्काई मेन्स वियर का छप्पर तोडकर नगदी समेत हजारों का सामान पार

कोरबा 14 अपै्रल। जिले के कोयलांचल कुसमुंडा में चोरों का आतंक लगातार बढ़ता जा रहा है। जहां चोर लगातार सक्रियता दिखाते हुए एक के बाद एक चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं और सुस्त पुलिस हाथ पर हाथ धरे बैठी है। चोरों का मुख्य निशाना दुकान व व्यापारिक प्रतिष्ठान होता है, जिससे व्यवसायियों में भय व आक्रोश का माहौल है। बीती रात चोरों ने पुनः पुलिस को चुनौती देते हुए कुसमुंडा थानांतर्गत इमलीछापर चौक पर स्थित स्काई मेन्स वियर नामक दुकान का छप्पर तोड़ा और उसके भीतर प्रवेश कर कपड़ा, जूता व नगदी रकम को पार कर दिया।

दुकान में हुई इस चोरी की जानकारी दुकान संचालक आकाश साहू को आज सुबह तब हुई जब वे दुकान को खोलने अपने प्रतिष्ठान पहुंचे, जहां दुकान का शटर खोलते ही उपर का छज्जा टूटा हुआ पाया और दुकान में रखा सारा सामान बिखरा हुआ था। कई नए कपड़े, जूते व गल्ले में रखे नगदी रकम गायग थे। उन्होंने तत्काल इसकी सूचना कुसमुंडा पुलिस को दी। जिस पर पुलिस मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल शुरू कर दी है। इससे पहले विकास नगर स्थित नेहा रेडीमेड में चोरी हुई थी, जहां अज्ञात चोरों ने दुकान का छप्पर तोडकर हजारों का माल पार कर दिया था। इसकी लिखित सूचना दुकान संचालक द्वारा पुलिस में दी गई और एफआईआर भी दर्ज कराया गया था। पुलिस मामले में जांच की बात कर रही है लेकिन अभी तक चोरों का सुराग लगाने में असफल रही है।

कोयलांचल वासियों का कहना है कि क्षेत्र में इन दिनों शातिर चोर सक्रिय हैं जो लगातार शीट वाली दुकानों को निशाना बना रहे हैं। छप्पर तोडकर दुकान में घुस रहे हैं और सामान पार कर रहे हैं। क्षेत्र में हो रही लगातार चोरियों ने पुलिस गश्ती की पोल खोलकर रख दी है। चोर रात में बेखौफ घूम रहे हैं। कालोनी से लेकर मुख्य सडक तक की दुकानें सुरक्षित नहीं है। इससे कोयलांचल वासियों एवं व्यवसायियों में भय व आक्रोश व्याप्त है। वे अपने आपको असुरक्षित महसूस कर रहे हैं।

Spread the word