धौराभांठा के नवनिर्मित्त राशन दुकान का कलेक्टर ने किया निरीक्षण

ग्रामीणों से सीधे संवाद कर राशन वितरण की जमीनी स्थिति की ली जानकारी
नियमित, समयबद्ध व नियमों के अनुरूप राशन वितरण के दिए निर्देश
कोरबा 12 अप्रैल। राशन वितरण प्रणाली को और अधिक पारदर्शी व प्रभावी बनाने के लिए कलेक्टर श्री कुणाल दुदावत ने पाली विकासखण्ड के धौराभांठा गांव में नवनिर्मित शासकीय उचित मूल्य की राशन दुकान का आकस्मिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने व्यवस्थाओं की जायजा लेते हुए संचालक को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कलेक्टर ने सोसायटी में उपलब्ध खाद्यान्न के आबंटन और भंडारण की स्थिति की जानकारी ली तथा स्टॉक का मिलान किया। साथ ही उन्होंने ई-पॉस मशीन के माध्यम से हितग्राहियों को दिए जा रहे राशन वितरण की प्रक्रिया का अवलोकन कर पारदर्शिता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर ने उपस्थित ग्रामीणों से चर्चा करते हुए राशन वितरण की वास्तविक स्थिति जानी और उनकी समस्याओं को सुना। ग्रामीणों द्वारा दिए गए सुझावों और शिकायतों पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए।
कलेक्टर ने दुकान संचालक को स्पष्ट निर्देश दिए कि वितरण प्रक्रिया नियमित, समयबद्ध और नियमों के अनुरूप हो, ताकि किसी भी हितग्राही को असुविधा का सामना न करना पड़े। इस अवसर पर एसडीएम पाली श्री रोहित सिंह सहित अन्य विभागीय अधिकारी कर्मचारी एवं ग्रामीण उपस्थित थे।
