दो थाना क्षेत्र में पुलिस की कार्रवाईः 5.80 लाख कीमत डीजल व आठ वाहन जब्त

कोरबा 10 अपै्रल। पेट्रोलियम पदार्थों के संकट के बीच स्थानीय प्रशासन ने पेट्रोल पंपों के संचालकों को अत्यावश्यक कार्यों के लिए रिजर्व स्टॉक रखने के निर्देश दिए हैं। इन सबके बीच विभिन्न क्षेत्रों में धड़ल्ले से खासतौर पर डीजल का स्टॉक शुरू कर दिया गया है। पुलिस ने ऐसी कुछ सूचनाओं पर संज्ञान लेते हुए 8 वाहनों से 5800 लीटर डीजल जब्त किया है। इसकी कुल कीमत 5 लाख 80 हजार रुपए बताई गई है।
कोरबा जिले के दो इलाके में पुलिस ने यह कार्रवाई की। थाना कुसमुंडा के अंतर्गत ऐसे चार प्रकरण बनाए गए जहां पर 5150 लीटर डीजल जब्त किया गया। बताया गया कि तिरेंद्र ठाकरे बेलटिकरी दीपका से 3605 लीटर डीजल, नवलेश सिंह निवासी रंजना दीपका से 545 लीटर, केशव कश्यप बुंदेली बालकोनगर से 500 लीटर और अमन कुमार जोरहाडबरी हरदीबाजार से 500 लीटर डीजल जब्त कर संबंधित वाहन भी पुलिस ने कब्जे में लिए। इसी तरह दीपका पुलिस ने 650 लीटर डीजल की जब्ती चार मामलों में बनाई है।
बताया गया कि बोलेरो संख्या सीजी-10बीजे-1665 से 200 लीटर डीजल जब्त किया गया। झूलेलाल यादव के विरूद्ध धारा 287 बीएनएस का मामला दर्ज किया गया है। सुनील कुमार यादव रेकी हरदीबाजार से भी 200 लीटर डीजल जब्त किया गया। बोलेरो क्रमांक सीजी-12 एएस-2365 से डीजल ले जाया जा रहा था। एक मामले में दिलहरण मरावी चोढ़ा हरदीबाजार से 250 लीटर डीजल की जब्ती की गई है। बोलेरो क्रमांक सीजी-11एजेड-6201 और सुनील कुमार सिंह ज्योति नगर दीपका के टाटा वाहन सीजी-12एपी-1020 को जब्त किया गया है। 300 लीटर डीजल इस गाड़ी से मिला है। बताया गया कि अनुचित भंडारण को लेकर यह कार्यवाही की गई। पुलिस ने इसे अवैध गतिविधियों के साथ-साथ ज्वलनशील पदार्थों का असुरक्षित परिवहन करना भी माना है।
