गर्मी में प्यास बुझाने निगम व संगठनों ने की प्याऊ की व्यवस्था

कोरबा 10 अपै्रल। तापमान का पारा चढने के साथ चुनौतियां बढ़ रही हैं। प्रशासन ने लू चलने के मद्देनजर गाईड लाईन जारी किया और लोगों को सावधान किया है। गर्मी के मौसम में आम लोगों सहित राहगीरों की प्यास बुझाने के लिए कोरबा में नगर निगम सहित अनेक सामाजिक संगठनों ने अपने स्तर पर अनेक जगह प्याऊ की व्यवस्था की है ताकि किसी को दिक्कत ना हो।

नगर निगम ने सात जोन के अंतर्गत आने वाले सभी वार्डों में चिन्हांकन करते हुए प्याऊ शुरू कराया है। यहां पर सुबह से शाम तक एक केयरटेकर रखा गया है जो यहां पहुंचने वाले लोगों को पानी उपलब्ध कराएंगे। इन्हें न्यूनतम मानदेय की व्यवस्था निगम की ओर से की गई है। मानसून आने तक ये केन्द्र लगातार काम करेंगे। जिससे लोगों को पानी की सेवा मिलती रहेगी। प्ुयाऊ में पर्याप्त मटके मुहैय्या कराए गए हैं ताकि निर्धारित अवधि तक इसका उपयोग तय हो सके। महापौर संजू देवी राजपूत और आयुक्त आशुतोष पांडेय के मार्गदर्शन में इस व्यवस्था का संचालन हो रहा है।

इसके अतिरिक्त अशासकीय संगठनों में गर्मी के मौसम में लोगों को राहत देने के लिए अपने सरोकार दिखाएं हैं। रोटरी और लायंस की स्थाई गतिविधियों के तहत प्रमुख चौराहों पर उनके जलघर चल रहे हैं। वहीं एसईसीएल महिला मंडल के अतिरिक्त कुछ और सामाजिक संस्थाओं ने जन आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए प्याऊ शुरू कराए है। कोरबा के अलावा नगरीय निकाय कटघोरा, दीपका, छूरीकला और पाली में भी यह सुविधा मुहैय्या करायी है।

Spread the word