हीरो शोरूम ‘नूर एजेंसी’ को चोरों ने बनाया निशाना

कोरबा 10 अपै्रल। जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत सरगबंदिया में बीती रात चोरी की एक और बड़ी घटना सामने आई है। क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी की वारदातों से ग्रामीणों में भय और चिंता का माहौल बना हुआ है।

जानकारी के अनुसार, सरगबंदिया स्थित हीरो शोरूम ‘नूर एजेंसी’ में रात करीब 12 से 1 बजे के बीच तीन अज्ञात चोरों ने शटर का ताला तोडकर अंदर प्रवेश किया और सामान चोरी कर फरार हो गए। घटना के दौरान शटर तोडने की आवाज सुनकर पास में रहने वाले 108 एंबुलेंस चालक की नींद खुल गई। बाहर आकर उन्होंने देखा कि तीन व्यक्ति शोरूम से सामान लेकर निकल रहे हैं। उन्होंने तत्काल आवाज लगाई और आरोपियों को पकडने का प्रयास किया, लेकिन चोर बाइक से भाग निकले। ने हिम्मत दिखाते हुए अपनी बाइक से करीब 3 से 4 किलोमीटर तक आरोपियों का पीछा किया, लेकिन अंधेरे का फायदा उठाकर चोर फरार हो गए। इसके बाद उन्होंने शोरूम संचालक नवाज अरबी को सूचना दी तथा डायल 112 के माध्यम से पुलिस को मामले की जानकारी दी गई।

फिलहाल चोरी हुए सामान का पूरा विवरण सामने नहीं आया है। शोरूम संचालक द्वारा नुकसान का आकलन किया जा रहा है। गौरतलब है कि उरगा थाना क्षेत्र में पिछले 20-25 दिनों में चोरी की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। ऐसे में पुलिस गश्त पर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने पुलिस से नियमित गश्त बढ़ाने और आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत हो सके।

Spread the word