सचिन तेंदुलकर परिवार का सीक्रेट बिलासपुर दौरा, अचानकमार के गांवों में ग्रामीणों से जुड़ाव

बिलासपुर। भारत रत्न और पूर्व क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर का परिवार मंगलवार सुबह करीब 5:30 बजे बिलासपुर पहुंचा। यह दौरा पूरी तरह गोपनीय रखा गया, जिसके तहत परिवार ने बिना किसी सार्वजनिक सूचना के शहर और ग्रामीण क्षेत्रों का भ्रमण किया।
दोपहर में उनका काफिला लोरमी के अचानकमार क्षेत्र स्थित छपरवा-बम्हनी गांव पहुंचा। यहां सचिन की पत्नी डॉ. अंजलि तेंदुलकर, बेटी सारा और बहू सानिया चंडोक तेंदुलकर ने पैदल गांव का भ्रमण किया और ग्रामीणों से संवाद कर उनके जीवन को करीब से समझने का प्रयास किया।
दौरे के दौरान उन्होंने बच्चों के साथ समय बिताया, उन्हें खिलौने दिए और एक नवजात शिशु को गोद में लेकर स्नेह जताया। ग्रामीणों के साथ सहज बातचीत और उनके जीवनशैली, जरूरतों व समस्याओं को समझने पर विशेष ध्यान दिया गया।
परिवार ने सचिन तेंदुलकर फाउंडेशन के तहत चल रहे कार्यों का निरीक्षण भी किया। यह दौरा सिर्फ औपचारिक न होकर ग्रामीणों से जमीनी जुड़ाव और सामाजिक सरोकारों को समझने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
