तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को लिया चपेट में, मौके पर मौत, शव रखकर लोगों ने किया प्रदर्शन

कोरबा 05 अपै्रल। बांकी मोंगरा थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक दर्दनाक सडक हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। बलगी मोड़ से आगे स्थित शराब दुकान के पास तेज रफ्तार हाइवा ने बाइक सवार युवक को सीधी टक्कर मार दी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान सुमेधा सलिहा भांठा निवासी रामेश्वर दास (लगभग 35 वर्ष) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि रविवार सुबह करीब 9 बजे वह अपनी बाइक से किसी काम से जा रहा था, तभी सामने से तेज गति में आ रहे हाइवा वाहन ने उसे अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि रामेश्वर दास ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बांकी मोंगरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने हाइवा वाहन को जब्त कर चालक की तलाश शुरू कर दी है और मामले की जांच जारी है। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश देखा जा रहा है। उन्होंने शव रखकर इस मामले में प्रदर्शन किया और पीडित पक्ष को उचित सहायता के अलावा सामाजिक सुरक्षा के गारंटी देने की मांग की। लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्ती से नियंत्रण लगाने, नियमित जांच अभियान चलाने और सडक सुरक्षा के ठोस इंतजाम करने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
