चलते ट्रेलर में लगी भीषण आग, ड्राइवर ने कूदकर बचाई जान

कोरबा/कटघोरा। जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया। डूमर कछार के पास करीब 4 बजे एक चल रहे ट्रेलर में अचानक आग लग गई। सूझबूझ दिखाते हुए ड्राइवर ने तुरंत वाहन रोककर कूदकर अपनी जान बचा ली। इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है।
खाली ट्रेलर में अचानक लगी आग
मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार, ट्रेलर खाली था और कटघोरा से बिलासपुर की ओर जा रहा था। वाहन की रफ्तार तेज थी, तभी अचानक उसके पिछले हिस्से से धुआं और आग की लपटें उठने लगीं।
आग के बावजूद कुछ दूरी तक दौड़ती रही गाड़ी
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि आग लगने के बाद भी ट्रेलर कुछ दूरी तक सड़क पर दौड़ता रहा। राहगीरों ने आवाज देकर ड्राइवर को सतर्क किया, जिसके बाद उसने तुरंत कूदकर अपनी जान बचाई।
हाईवे पर लगा लंबा जाम
घटना के बाद राष्ट्रीय राजमार्ग पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
दमकल की टीम ने पाया आग पर काबू
सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
