फोरलेन निर्माण कार्य अब राहगीरों के लिए बना खतरा, मिट्टी की ढेर से टकराकर कार पलटी

कोरबा 24 जनवरी। कोरबा-कुसमुंडा मार्ग पर वर्षों से चल रहा फोरलेन निर्माण कार्य अब राहगीरों के लिए खतरा बनता जा रहा है। करीब पांच साल से अधूरे पड़े निर्माण और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण यह मार्ग हादसों का कारण बन रहा है। शुक्रवार को इसी लापरवाही का एक और गंभीर उदाहरण सामने आया, जब मिट्टी की ढेरी से टकराकर एक कार पलट गई और चालक गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शुक्रवार को कुसमुंडा की ओर से कोरबा आ रही मारुति फ्रॉन्क्स कार (क्रमांक सीजी 12 बीपी 9281) वैशाली नगर मोड़ से आगे डंफर पुल के नीचे अधूरे सड़क निर्माण स्थल पर सड़क के बीच रखी मिट्टी की ढेरी से जा टकराई। हादसे के समय अंधेरा होने के कारण चालक को आगे सिंगल लेन होने की जानकारी नहीं मिल पाई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक वाहन की रफ्तार थोड़ी तेज थी और अचानक सामने आई मिट्टी की ढेरी से टकराने के बाद कार पलट गई।

हादसे में चालक को गंभीर चोटें आईं, जिसे स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल कोरबा (एस हॉस्पिटल) पहुंचाया गया। वहीं राहगीरों की सहायता से पलटी हुई कार को सीधा किया गया। दुर्घटना में वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया है, जबकि चालक की पहचान की जानकारी फिलहाल सामने नहीं आ पाई है।

Spread the word