धान खरीदी केंद्रों में अव्यवस्था और किसानों के शोषण का आरोप, कांग्रेस नेता ने सौंपा ज्ञापन

कोरबा 08 जनवरी। जिले के कई धान खरीदी केंद्रों में गंभीर खामियां सामने आने का आरोप लगाते हुए कांग्रेस नेता एवं युवा कांग्रेस महासचिव मधुसूदन दास ने प्रशासन को ज्ञापन सौंपा है। उन्होंने धान खरीदी की प्रक्रिया में किसानों के साथ हो रहे कथित शोषण पर गहरी नाराजगी जताई।
मधुसूदन दास ने बताया कि सोनपुरी, चचिया, कुदमुरा और कोरकोमा स्थित धान खरीदी केंद्रों में किसानों से निर्धारित मात्रा से अधिक 40 किलो 850 ग्राम धान लिया जा रहा है, जो नियमों के खिलाफ है। इससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि धान खरीदी केंद्रों में किसानों को खुद हमाल की व्यवस्था करने के लिए मजबूर किया जा रहा है। पलटी, वजन, बोरा सिलाई और स्केटिंग जैसे कार्य किसानों से ही कराए जा रहे हैं, जबकि यह जिम्मेदारी केंद्र प्रबंधन की होती है।
कांग्रेस नेता ने बताया कि स्टैकिंग के लिए पर्याप्त भूसा उपलब्ध नहीं होने के कारण धान के बोरे तिरपाल के ऊपर ही रखे जा रहे हैं, जिससे धान खराब होने की आशंका बनी हुई है। उन्होंने कहा कि कुल मिलाकर धान खरीदी केंद्रों में व्याप्त अव्यवस्था के कारण किसानों का लगातार शोषण किया जा रहा है।
मधुसूदन दास ने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने और धान खरीदी व्यवस्था में तत्काल सुधार की मांग की है।
