प्रतिष्ठा द्वादशी पर देव सरोवर में हुआ धार्मिक अनुष्ठान

कोरबा 02 जनवरी। प्रगतिनगर दीपका स्थित देवसरोवर छठ तालाब परिसर में गुरुवार को भगवान श्रीराम लला प्राण प्रतिष्ठा की द्वितीय वर्षगांठ पर भव्य धार्मिक कार्यक्रम हुआ। टीम चरक धर्म संवाहक के तत्वावधान में सुबह से देर रात तक चले इस आयोजन में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ा और पूरा परिसर भक्ति और आध्यात्मिक ऊर्जा से सराबोर रहा।

आयोजन में 201 सनातनियों ने सामूहिक शंखनाद किया, 3100 दीप प्रज्वलित किए गए, हनुमान चालीसा और हनुमत प्रार्थना का सामूहिक पाठ हुआ, वहीं उज्जैन महाकाल की तर्ज पर डमरू वादन और भव्य आतिशबाजी ने वातावरण को आध्यात्मिक रंग से भर दिया। शाम 6रू30 बजे महाआरती के दौरान दीपों की अलौकिक छटा देखने हजारों श्रद्धालु मौजूद रहे। कार्यक्रम में दीपका महाप्रबंधक संजय मिश्रा और कारसेवक मिलन राम साहू सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। धर्म सेनानी ठाकुर राम सिंह ने ओजस्वी उद्बोधन दिया। उन्होंने कहा सनातन कोई धर्म नहीं यह शाश्वत जीवन पद्धति है, जो सत्य, कर्तव्य, त्याग और मर्यादा सिखाती है।

उन्होंने कहा कि सनातन धर्म ने सदियों तक संघर्ष किया, अनेक संकटों का सामना किया लेकिन जब भी चुनौती आई, समाज एकजुट होकर खड़ा हुआ।उन्होंने युवाओं को विशेष संदेश देते हुए कहा युवा पीढ़ी ही धर्म की सच्ची धरोहर है। दीपका महाप्रबंधक संजय मिश्रा ने भी आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि रामलला प्राण प्रतिष्ठा का यह आयोजन प्रशंसनीय है। टीम चरक धर्म संवाहक समिति इसके लिए बधाई के पात्र है।

रंगोली में फाल्गुनी और गीतिका विजेता
इस अवसर पर सुबह 10 बजे से दोपहर 1रू50 बजे तक रंगोली प्रतियोगिता आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने भगवान राम दरबार थीम पर एक से बढकर एक आकर्षक रंगोलियाँ बनाईं। सुशील तिवारी, हेमचंद सोनी, पार्षद अविनाश यादव, आकाश साहू और भारती राठौर निर्णायक रहे। फाल्गुनी श्रीवास एवं गीतिका कुंभकार (संयुक्त विजेता), पिंकी गुप्ता, प्रिया मरावी विजेता रहे।

Spread the word