कोरबा की बेटी अंजू ने जीता मिसेज इंडिया 2026 का ताज, अभिनेता राना ने पहनाया विजेता का ताज

कोरबा, 3 नवम्बर। ऊर्जाधानी कोरबा की बेटी अंजू यादव ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए जिले और प्रदेश को गौरवान्वित किया है। उन्होंने प्रतिष्ठित राष्ट्रीय सौंदर्य प्रतियोगिता लारियल मिस, मिसेज व मिस्टर इंडिया 2026 के सातवें सीजन में मिसेज श्रेणी का विजेता खिताब अपने नाम कर लिया है।
दुर्ग स्थित पृथ्वी पैलेस में जील एंटरटेनमेंट के तत्वावधान में ग्रैंड फिनाले का आयोजन किया गया। इसमें देश के विभिन्न राज्यों से पहुंचे प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच अंजू यादव ने अपने आत्मविश्वास, आकर्षक व्यक्तित्व, प्रतिभा और शानदार मंचीय प्रदर्शन से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया और मिसेज श्रेणी में प्रथम स्थान हासिल कर विजेता का ताज अपने नाम किया।
समारोह में बालीवुड एवं टेलीविजन जगत के अभिनेता राना रुसाद ने उन्हें विजेता का ताज पहनाकर सम्मानित किया। अंजू की यह उपलब्धि इसलिए भी विशेष है, क्योंकि उन्होंने गृहिणी की जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए अपने माडलिंग के सपने को भी जीवित रखा। अपनी इस सफलता का श्रेय अंजू ने जील एंटरटेनमेंट, आयोजक राना रुसाद, आयोजन समिति, निर्णायक मंडल और अपने परिवार को दिया। उन्होंने सभी के सहयोग, मार्गदर्शन और प्रोत्साहन के प्रति आभार व्यक्त किया। दुर्ग में आयोजित जील एंटरटेनमेंट के ग्रैंड फिनाले में देश भर के प्रतिभागियों ने भाग लिया।
