के के श्रीवास्तव के विदेशी निवेश का बड़ा खुलासा, 441 करोड़ रुपए से ज्यादा के बैंकिंग लेन-देन का रिकॉर्ड मिला

रायपुर: छत्तीसगढ़ के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल के पुत्र चैतन्य बघेल की ज्यूडिशियल रिमांड 18 दिनों के लिए बढ़ा दी गई है। चैतन्य रायपुर सेन्ट्रल जेल में बंद है। इस बीच सौम्या और बघेल के करीबी तांत्रिक बिलासपुर निवासी कृष्ण कुमार श्रीवास्तव उर्फ के के श्रीवास्तव के खिलाफ ACB – EOW समेत पुलिस को बड़ी जानकारी मिली है। पुख्ता सबूतों के साथ तेलीबांधा पुलिस ने अदालत में चार्जशीट पेश कर विदेशी निवेश का बड़ा खुलासा किया है। इस चार्जशीट में के के और उसके बेटे कंचन श्रीवास्तव के हवाला नेटवर्क, बैंकिंग लेनदेन, करोड़ों के निवेश और सट्टा कारोबार से जुड़ाव के कई बड़े खुलासे उजागर किये गए हैं।

पुलिस की चार्जशीट के मुताबिक, केके और उसके बेटे कंचन ने चीन और ऑस्ट्रेलिया में करोड़ों रुपए निवेश किया है। यह रकम अंतरराष्ट्रीय बाजार में हवाला के जरिए भेजी गई थी। दोनों के नाम पर हुए 441 करोड़ रुपए से ज्यादा के बैंकिंग लेन-देन का रिकॉर्ड मिला है।
सूत्र तस्दीक करते है, कि मोबाइल और डिजिटल डेटा की फॉरेंसिक जांच में यह तथ्य भी सामने आया है। महादेव बुक ऑनलाइन सट्टा नेटवर्क से जुड़ी कंपनी ने भी श्रीवास्तव परिवार की आर्थिक सहायता की थी। चार्जशीट के अनुसार, के के श्रीवास्तव पिछली भूपेश सरकार में बेहद प्रभावशाली थे। उसने नोएडा निवासी रावत एसोसिएट्स कंपनी के मालिक अर्जुन सिंह को स्मार्ट सिटी के तहत 500 करोड़ के ठेके का झांसा दिया और उनसे 15 करोड़ रुपए वसूले। अर्जुन सिंह ने 10 से 17 जुलाई 2023 के बीच यह रकम के के और उसके बेटे के अलग-अलग खातों में ट्रांसफर की। इन खातों में से तीन खाते अब्बास अली के नाम पर हैं, जो के के का करीबी था।

एफआईआर के बाद के के और कंचन फरार हो गए थे। जांच के दौरान युवा कांग्रेसी नेता आशीष शिंदे ने के के को अपनी कार CG 04 PP 0007 में छिपाकर नागपुर पहुंचाया। कुछ दिनों बाद वे दोनों दिल्ली भी गए। लगभग एक महीने बाद के के भोपाल आया तो पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने कंचन को फरार बताया है, जबकि उसे रायपुर और बिलासपुर में घूमते देखा गया है। यहां तक कि पुलिस ने उसे एक बार हिरासत में लिया और पूछताछ के बाद छोड़ दिया, जबकि वह नामजद आरोपी है। यह मामला राज्य की राजनीति और सुरक्षा एजेंसियों के लिए बड़ा मुद्दा बन चुका है। आने वाले दिनों में इस केस में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। ( साभार NTC )
