व्यापार मेले ने बिगाड़ी यातायात व्यवस्था.. जिला मुख्यालय में लगा लंबा जाम

व्यापार मेला आयोजन समिति के द्वारा वाहन पार्किंग की उचित व्यवस्था ना करने पर शहर में ट्रैफिक व्यवस्था बिगड़ी
सड़कों पर ट्रैफिक व्यवस्था सुधारते हुए दिखी केवल पुलिस, आयोजन समिति के लोग रहे नदारद
बिगड़ी व्यवस्था से आम जन में आक्रोश
मुंगेली। सात दिवसीय व्यापार मेले में मेला स्थल के आवश्यकता से कम क्षेत्रफल होने के बावजूद व्यापार मेला समिति द्वारा अत्यधिक स्टॉल रखे गए जिस वजह से इस बार व्यापार मेले के चौथे दिन ही शहर की यातायात व्यवस्था चरमरा गई। जिसके चलते बिलासपुर – जबलपुर राष्ट्रीय राज्य मार्ग (एन एच 130 ए) में आवागमन बाधित सा हो गया। मेडिकल एवं अन्य इमरजेंसी वाहनों का निकलना भी संभव नहीं रहा।
बीआर साव ग्राउंड में आयोजित व्यापार मेले में भारी भीड़ के कारण शनिवार रात भीषण जाम लग गया। मेले की भारी भीड़ के कारण मेला जाने वाले रास्तों पर वाहनों का दबाव बढ़ गया। पड़ाव चौंक, पंडरिया रोड, बायपास रोड, सिंधी कालोनी, रायपुर मार्ग, नया बस स्टैंड रोड में भी जाम की स्थिति रही।
जाम खुलवाने में ट्रैफिक पुलिस के भी पसीने छूट गए। इससे लोगों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। आज शनिवार रात बड़ी संख्या में लोग मेला घूमने परिवार समेत निकले थे। इससे पड़ाव चौंक व्यापार मेला स्थल की ओर जाने वाले मार्गों पर जाम की स्थिति पैदा हो गई।
कहां बनी जाम की स्थिति
पंडरिया रोड,पड़ाव चौंक पर चाैतरफा फंसने से बायपास मार्ग, शिक्षक नगर, नया बस स्टैंड रोड पर भी जाम की स्थिति बन गई।
जाम के कारण रोड पर वाहन रेंगते नजर आए। इसी तरह पड़ाव चौंक, व्यापार मेला स्थल और उसके आसपास के इलाके में भी पैदल तक निकलना मुश्किल हो गया। घंटों जद्दोजहद करने के बाद लोगों का अपने गंतव्य को जाना संभव हो पाया।
भविष्य के लिए प्रशासन को लेना होगा कड़ा फैसला
आने वाले समय में ऐसे किसी भी अप्रत्याशित भीड़ होने वाले कार्यक्रमों के अलावा व्यापार मेले के लिए शहर की घनी बसाहट से बाहर इस आयोजन के लिए जिला प्रशासन को सख्त कदम उठाने होंगे ताकि भीड़, अव्यवस्था, मार्ग अवरोध, ट्रैफिक जाम या कोई अन्य अप्रिय स्थिति निर्मित ना हो।
