कोरबा 18 नवम्बर। बिजली घरों, एसईसीएल की खदानों और अनेक उद्योगों की उपस्थिति वाले कोरबा क्षेत्र में इस बार ठंड का असर बीते वर्षों की तुलना में अधिक दिखाई दे रहा है। लोगों का कहना है कि इस वर्ष ठंडी की दस्तक जल्दी हो गई है। वर्तमान में रात का तापमान गिरकर 10 डिग्री सेल्सियस तक पहुँच रहा है, जबकि दिन में भी पारा बढकर केवल 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास ही रह पा रहा है।

शहर के साथ-साथ ग्रामीण क्षेत्रों में भी रात के तापमान में काफी अंतर देखने को मिल रहा है। कई इलाकों में पारा अचानक नीचे गिरने से लोग ठिठुरन महसूस कर रहे हैं। ऐसे में जगह-जगह अलाव की व्यवस्था की जा रही है ताकि आमजन को राहत मिल सके। लोग शाम होते ही अलाव के आसपास इकऋा होकर कुछ घंटे तक ठंड से बचाव करते दिखाई दे रहे हैं। ठंड के बढ़ते प्रकोप को देखते हुए प्रशासन ने नगरीय निकायों को रात में विशेष इंतजाम करने के निर्देश दिए हैं। रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, मुख्य चौक-चौराहों और व्यस्त क्षेत्रों में अलाव जलाने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है, ताकि रात्रि में आवागमन करने वाले लोगों को राहत मिल सके। मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले दिनों में पारा और नीचे जा सकता है। ऐसे में प्रशासन और सामाजिक संगठनों की संयुक्त पहल से लोगों को ठंड से राहत मिलने की उम्मीद है।

Spread the word