छत्तीसगढ़ में नवंबर में ही चलने लगी शीतलहर, मौसम विभाग ने इन जिलों के लिए जारी किया ठंड का यलो अलर्ट

रायपुर। छत्तीसगढ़ में इस साल नवंबर महीने में ही कड़ाके की ठंड पड़ रही है। प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में लगातार तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है। छत्तीसगढ़ में सुबह और रात के तापमान में लगातार गिरावट दर्ज की जा रही है। इसी बीच मौसम विभाग ने उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के एक दो स्थानों पर शीतलहर की चेतावनी जारी की है। मौसम विभाग ने ठंड को लेकर येलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर भारत से आ रही ठंडी हवाओं के कारण छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। उत्तर और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है। इन जिलों में रायपुर, कोरिया, बलरामपुर-रामानुजगंज, सूरजपुर, सरगुजा, जशपुर, जांजगीर-चांपा, बिलासपुर, मुंगेली, गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, रायगढ़ और सारंगढ़-बिलाईगढ़ जैसे जिले शामिल है।

अंबिकापुर में 7 डिग्री तक लुढ़का पारा
मौसम विभाग के अनुसार, प्रदेश में बीते कुछ दिनों में औसतन तापमान में गिरावट दर्ज हुई है और आने वाले दिनों में तापमान में और गिरावट दर्ज की जाएगी। अंबिकापुर में 7 डिग्री सेल्सियस के करीब तापमान दर्ज किय गया है। मौसम विभाग का कहना है कि, उत्तरी और मध्य छत्तीसगढ़ के कुछ इलाकों में शीतलहर चलने की संभावना है।

Spread the word