बस किराया बढ़ोतरी और भर्ती परीक्षाओं पर सियासत : भूपेश बघेल बोले – महंगाई से लोग त्रस्त, बैज ने परीक्षा प्रणाली को बताया भ्रष्टाचार का अड्डा

रायपुर। छत्तीसगढ़ में बस किराए में बढ़ोतरी और सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर कांग्रेस ने भाजपा सरकार पर निशाना साधा है। पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस किराया बढ़ाए जाने को लेकर सरकार को घेरा, वहीं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भर्ती परीक्षाओं की व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए इसे भ्रष्टाचार का अड्डा करार दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने बस किराए में बढ़ोतरी को लेकर कहा कि प्रदेश में महंगाई लगातार बढ़ रही है, जिससे लोग त्रस्त हैं। बिजली बिल में तीन साल के भीतर पांच बार बढ़ोतरी की जा चुकी है, जबकि बस किराया एक साल में दूसरी बार बढ़ाया गया है। इस बार बस किराए में 40 प्रतिशत की वृद्धि की गई है। उन्होंने पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की बढ़ती कीमतों का भी मुद्दा उठाया। भूपेश बघेल ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सभी जरूरी चीजों के दाम बढ़ गए हैं। अब क्या बचा है, जिसके दाम नहीं बढ़े हैं।
भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार पर साधा निशाना
सरकारी भर्ती परीक्षाओं और पुलिस भर्ती प्रक्रिया को लेकर भी भूपेश बघेल ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कभी इंटरव्यू स्थगित हो जाता है, कभी प्रमोशन और कभी परीक्षा स्थगित कर दी जाती है। बघेल ने आरोप लगाया कि भाजपा की सरकार देश और प्रदेश में परीक्षाएं ठीक से आयोजित नहीं कर पा रही है। भर्ती प्रक्रियाओं में लगातार आ रही बाधाओं से अभ्यर्थियों के भविष्य को लेकर चिंताएं बढ़ रही हैं।
दीपक बैज बोले- छत्तीसगढ़ में किसी विभाग की परीक्षा सुरक्षित नहीं
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज ने भी सरकारी भर्ती परीक्षाओं को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ में किसी भी विभाग की परीक्षा सुरक्षित नहीं है। उन्होंने पुलिस भर्ती परीक्षा के इंटरव्यू स्थगित होने और शिक्षक भर्ती परीक्षा को लेकर सवाल उठाए। बैज ने कहा कि भाजपा सरकार ने दावा किया था कि छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग (PSC) की परीक्षा संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) की तर्ज पर आयोजित की जाएगी, लेकिन सरकार शिक्षक भर्ती, व्यापम और सब इंस्पेक्टर (SI) भर्ती जैसी परीक्षाएं भी ठीक से नहीं करवा पा रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश की परीक्षा प्रणाली को भ्रष्टाचार का अड्डा बना दिया गया है।
