पार्किंग उल्लंघन पर लॉक, मॉडिफाई साइलेंसर व नो हेलमेट पर कार्रवाई

कोरबा 20 सितंबर। त्यौहारों के दौरान बढने वाले आवागमन और संभावित चुनौतियों को ध्यान में रखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने कोरबा और आसपास के इलाकों में सख्ती बढ़ा दी है। वाहनों की जांच के साथ-साथ मनमाने ढंग से कहीं भी गाडियां पार्क करने वालों पर अब लॉक लगाने की कार्रवाई की जा रही है। इसमें चारपहिया निजी वाहन से लेकर मालवाहक गाडियां तक शामिल हैं।

पुलिस अधिकारी ने बताया कि शहर के विभिन्न मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से पार्किंग जोन चिन्हित किए गए हैं। इसके बावजूद कई वाहन चालक सडक किनारे, बाजार क्षेत्र और भीड़भाड़ वाली जगहों पर गाडियां खड़ी कर देते हैं, जिससे ट्रैफिक बाधित हो रहा है। अब ऐसे मामलों में लोके की कार्रवाई तेज कर दी गई है। सिर्फ पार्किंग ही नहीं, बल्कि ट्रैफिक पुलिस बिना हेलमेट वाहन चलाने, मॉडिफाई साइलेंसर का उपयोग करने और मालवाहक वाहनों में सवारियों को बैठाने जैसे नियम विरुद्ध कृत्यों पर भी कार्यवाही कर रही है।

पुलिस का कहना है कि यह अभियान लगातार चलाया जाएगा। ट्रैफिक डीएसपी डी.के. सिंह के नेतृत्व में निरीक्षक तेज सिंह यादव, एएसआई राम नारायण, रात्रे, एएसआई मनोज राठौर सहित फील्ड स्टाफ सक्रिय है। बताया गया कि इस वर्ष अब तक की कार्रवाई से लाखों रुपये पेनल्टी के रूप में वसूल किए गए हैं।

Spread the word