कटघोरा मंडी रोड से पुछापारा की सड़क जर्जर, दुर्घटना का खतरा

कोरबा-कटघोरा 17 सितंबर। नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 7 के अंतर्गत आने वाला मंडी रोड से पुछापारा मार्ग लंबे समय से उपेक्षा का शिकार है। इस मार्ग पर सडक और रोड लाइट की गंभीर समस्या बनी हुई है, जिससे स्थानीय नागरिकों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इस मार्ग की सडक अब जर्जर अवस्था में पहुंच चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण वाहन चालकों और पैदल राहगीरों को हर समय दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

बारिश के दिनों में स्थिति और भी गंभीर हो जाती है, क्योंकि गड्ढों में पानी भरने से सडक दिखाई नहीं देती और दुर्घटना की आशंका बढ़ जाती है। मार्ग पर लंबे समय से रोड लाइट की व्यवस्था नहीं होने के कारण रात के समय घुप्प अंधेरा छा जाता है। इसकी वजह से लोगों को अंधेरे में मुश्किल से गुजरना पड़ता है। खासकर वार्ड की युवतियां इस मार्ग से निकलने में असहज महसूस करती हैं, क्योंकि अंधेरे का फायदा उठाकर शराबियों और असामाजिक तत्वों का जमावड़ा यहां देखने को मिलता है। यह स्थिति नागरिकों की सुरक्षा के लिए चिंता का विषय बनी हुई।

वार्डवासियों ने बताया कि इस समस्या की जानकारी नगर पालिका परिषद कटघोरा को कई बार दी जा चुकी है। इसके बावजूद अब तक न तो सडक मरम्मत की पहल की गई और न ही रोड लाइट लगाने की। नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका की इस लापरवाही के कारण उन्हें रोजाना परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।

Spread the word