बांगो बांध के गेट खोले गए, जलस्तर बढ़ने के कारण छोड़ा गया पानी

कोरबा 16 सितंबर। लगातार हो रही बारिश और पानी की बढ़ती आवक को देखते हुए आज मंगलवार की सुबह मिनीमाता बांगो बांध के गेट खोल दिए गए हैं। सुबह 9.10 बजे, बांध का जलस्तर 358.29 मीटर दर्ज किया गया, जो उसकी कुल क्षमता का 91.83 प्रतिशत है।
अधिकारियों ने बताया कि इस समय बांध में 59,106 क्यूसेक पानी की आवक हो रही थी। जलस्तर को नियंत्रित करने के लिए बिलासपुर के मुख्य अभियंता और कोरबा के अधीक्षण अभियंता से चर्चा के बाद तीन गेट खोले गए और पानी छोड़ना शुरू किया गया। यह कदम बांध की सुरक्षा और जलस्तर को सामान्य बनाए रखने के लिए उठाया गया है।
