हिंदी दिवस पर राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई बिंझरा में हुआ रंगारंग कार्यक्रम

हिंदी भाषा का उत्सव मनाया गया धूमधाम से

कोरबा 15 सितंबर। अटल बिहारी वाजपेई विश्वविद्यालय से संबंधित राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई बिंझरा, ब्लॉक पौड़ी-उपरोड़ा, जिला कोरबा, छत्तीसगढ़ द्वारा हिंदी भाषा के सम्मान में भव्य हिंदी दिवस समारोह का आयोजन किया गया।
इस अवसर पर विश्वविद्यालय के विद्यार्थियों और स्वयंसेवकों ने देश की मातृभाषा हिंदी के प्रति गहरा सम्मान व्यक्त करते हुए विविध सांस्कृतिक गतिविधियों के माध्यम से कार्यक्रम को यादगार बना दिया।

कार्यक्रम में स्वयंसेवकों ने पोस्टर मेकिंग, स्लोगन राइटिंग, हिंदी कविता व भाषण प्रस्तुति जैसे आकर्षक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों में जोश और उत्साह का विशेष माहौल दिखाई दिया। सभी गतिविधियों में भाग लेते हुए विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्त्व और उसके विकास में हमारी जिम्मेदारी पर जोर दिया। इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य ने कहा कि हिंदी केवल भाषा नहीं, बल्कि हमारी संस्कृति, परंपरा और पहचान का एक अमूल्य अंग है। उन्होंने छात्रों को प्रेरित किया कि वे हिंदी भाषा को सशक्त बनाकर उसकी समृद्धि में योगदान दें।

हिंदी व्याख्याता श्रीमती नीलम किस्पोट्टा, श्रीमती दीक्षा चंद्रा, श्री विमलेश टोप्पो, एवं कार्यक्रम अधिकारी श्रीमती संध्या साहू ने भी इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। कार्यक्रम में कुल 17 स्वयंसेवकों ने भाग लिया और अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया। अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम ने हिंदी भाषा के प्रति विद्यार्थियों में गर्व एवं उत्साह की भावना भर दी और यह संदेश दिया कि हिंदी भाषा हमारी राष्ट्रीय एकता की धरोहर है, जिसे हर भारतीय को गर्व के साथ अपनाना चाहिए।

Spread the word