ग्रामीणों ने पंचायत सचिव को हटाने मुख्य कार्यपालन अधिकारी को ज्ञापन सौंपा

कोरबा 08 सितंबर। ग्राम पंचायत रंगोले जनपद पंचायत पाली जिला कोरबा के ग्रामीणों ने पंचायत सचिव सुनील कुमार कुर्रे के स्थानांतरण की मांग को लेकर मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत कोरबा को ज्ञापन सौंपा।
ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत सचिव सुनील कुमार कुर्रे पिछले 15 वर्षों से ग्राम पंचायत रंगोले में पदस्थ हैं, लेकिन वे पंचायत मुख्यालय से 15-20 किलोमीटर दूर पाली में निवास करते हैं। इस कारण वे पंचायत कार्यालय में नियमित रूप से उपस्थित नहीं रहते। कभी-कभार कार्यालय आते भी हैं तो समय पर नहीं पहुंचते। उनकी इस लापरवाही और गैर-जिम्मेदाराना रवैये से पंचायत स्तर पर आवश्यक कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं जैसे आवास, पेंशन, जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र, विवाह पंजीयन और अन्य हितग्राही मूलक कार्य समय पर नहीं हो पाते। इससे ग्रामीणों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है और वे अपने कामों के लिए इधर-उधर भटकने को मजबूर हो जाते हैं। ग्रामीणों ने यह भी शिकायत की कि पंचायत सचिव को फोन करने पर वे कभी कॉल रिसीव नहीं करते, जिससे आम जनता की समस्याएं और बढ़ जाती हैं।
ग्राम पंचायत रंगोले के निवासियों ने जिला पंचायत प्रशासन से मांग की है कि सचिव सुनील कुमार कुर्रे का शीघ्र स्थानांतरण कर दिया जाए और उनकी जगह एक कर्तव्यनिष्ठ व उत्तरदायी सचिव की नियुक्ति सुनिश्चित की जाए। ग्रामीणों का कहना है कि इससे पंचायत कार्यों की पारदर्शिता और सुचारु रूप से संचालन हो सकेगा तथा उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान मिलेगा।
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि प्रशासन उनकी मांग को गंभीरता से लेकर शीघ्र कार्यवाही करेगा, ताकि पंचायत सचिव की मनमानी से हो रही परेशानियों का अंत हो सके और शासन की योजनाओं का लाभ समय पर उन्हें मिल पाए।
