सतनामी समाज ने श्मशान भूमि की सुरक्षा एवं विकास को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

कोरबा 08 सितंबर। ग्राम नोनबिर्रा के सतनामी समाज के लोगों ने श्मशान भूमि की सुरक्षा एवं विकास को लेकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। समाजजनों ने बताया कि ग्राम की पारंपरिक श्मशान भूमि खसरा नंबर 581/1 व 582/2, रकबा 1 एकड़ 67 डिसमिल क्षेत्र में स्थित है, जिसे उनके पूर्वजों ने स्थापित किया था। यह स्थल समाज की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान का प्रतीक है।
ज्ञापन में उल्लेख किया गया कि समय के साथ इस भूमि की उपेक्षा होती रही है। पंचायत स्तर पर इसे सुरक्षित करने की कोई ठोस पहल नहीं की गई है। वहीं आसपास के भूमि स्वामी इस पर कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं। इसके चलते समाज के लोग अपने परंपरागत अधिकारों से वंचित हो रहे हैं और उन्हें मानसिक, सामाजिक व शारीरिक कष्ट का सामना करना पड़ रहा है।
सतनामी समाज के प्रतिनिधियों ने कलेक्टर से मांग की कि श्मशान भूमि को सुरक्षित करने के लिए चारों ओर बाउंड्री वॉल का निर्माण कराया जाए तथा यहां मुक्तिधाम जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। साथ ही इस भूमि को सार्वजनिक स्थल के रूप में संरक्षित कर समाजजनों को उनकी सांस्कृतिक और धार्मिक पहचान बनाए रखने का अवसर दिया जाए।
ज्ञापन में यह भी कहा गया कि श्मशान भूमि समाज की आस्था और परंपरा से जुड़ा स्थान है, इसलिए इसे अतिक्रमण से मुक्त कर स्थायी रूप से संरक्षित किया जाना अत्यंत आवश्यक है। समाज ने उम्मीद जताई है कि जिला प्रशासन इस मामले को गंभीरता से लेते हुए शीघ्र आवश्यक कदम उठाएगा, जिससे समाज के लोगों को शांति और सम्मान के साथ जीवनयापन का अवसर मिल सके।
