विसर्जन स्थल पर पुलिस रहेगी मौजूद, निगरानी सख्त

तीन बच्चों की मौत के बाद उठाया कदम
कोरबा 06 सितंबर। अनंत चतुर्दशी को हर तरफ गणेश प्रतिमाओं का विसर्जन अंतिम रूप से किया जाना है। इसलिए सभी क्षेत्रों की विसर्जन घाटों पर पुलिस की ड्यूटी लगाई गई है। उसे मौके पर निगरानी रखने को कहा गया है। एक दिन पहले रिसदी लालघाट क्षेत्र के तालाब में पुलिस परिवार के तीन बच्चों की जल समाधि के बाद यह कदम उठाया गया।
शुक्रवार को हुए घटनाक्रम मे 9 से 13 वर्ष के तीन बच्चों की दुखद मौत तालाब में डूबने से हो गई जो नहाने के लिए यहां पहुंचे थे। घटना के बाद इलाके में शोक की स्थिति निर्मित हो गई। इस घटना को ध्यान में रख पुलिस ने निर्णय लिया है कि गणेश प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान कहीं भी लापरवाही या मनमानी नहीं होने दी जाएगी ताकि अनहोनी को रोका जा सके।
कोतवाली, बालको नगर, कुसमुंडा, दीपका, बाकी मोगरा, कटघोरा, बांगो, पाली, दर्री व पसान थाना क्षेत्र में पुलिस कोजिम्मेदारी दी गई है विसर्जन जुलूस के साथ-साथ विसर्जन घाटो पर भी नजर रखें। यहां किसी भी कीमत पर गैर जिम्मेदार लोगों को पानी में नहीं उतरने देना है। गणेश उत्सव समिति के आयोजकों से कहा गया है कि वह खुद भी अपने उत्तरदायित्व की पूर्ति मौके पर करें। उन्हें तय करना होगा कि नदी और तालाबों में लोग ही उतरे। इस दौरान पर्याप्त सावधानी बरती जाएं। मुख्य रूप से इस बात को भी याद रखना होगा कि विसर्जन जुलूस के साथ अनावश्यक भीड़ ना हो और ना ही घाटों पर ऐसे लोगों की उपस्थिति ना हो जिनकी जरूरत नहीं है।
पुलिस के अधिकारियों कर्मचारियों भी अपने क्षेत्र में इस तरह की व्यवस्था के दौरान सक्रियता से नजर रखेंगे। इस बार किए गए परिवर्तन के पीछे उन घटनाओं को भी ध्यान में रखा गया है जो वर्ष 2024 में हुई थी। ऐसे ही विसर्जन जुलूस के दौरान कोहडिया क्षेत्र में चाकू बाजी की घटना हो गई थी जिसमें एक युवक की मौत हो गई थी। इसलिए ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति को रोकने के लिए आवश्यक प्रयास किया जा रहे हैं।
