व्यापारियों के अनोखे प्रदर्शन के बाद हरकत में आया नगर निगम, व्यवस्था सुधारने की कवायद शुरू

कोरबा। कुसमुंडा क्षेत्र की सड़क पर बने गड्ढे में भरे पानी से स्नान कर व्यापारियों के अनोखे विरोध प्रदर्शन के बाद नगर निगम प्रशासन हरकत में आया। सोमवार को निगम का अमला एक्सीवेटर लेकर कुसमुंडा इमलीछापर मार्ग पर पहुंचा और गड्ढों में भरे पानी की निकासी के लिए व्यवस्था बनाने की कवायद शुरू की। हालांकि इसके बाद भी बदहाल सड़क की समस्या से लोगों को अभी भी राहत नहीं मिली है।
कुसमुंडा-इमलीछापर मार्ग लंबे समय से बदहाल है। बारिश के मौसम में गड्ढों में पानी भरने से हालात और बिगड़ गए हैं। सड़क पर जगह-जगह बने गहरे गड्ढों के कारण आवाजाही बेहद खतरनाक हो गई है। इमली छापर चौक के पास तो सड़क लगभग तालाब में तब्दील हो चुकी है। इधर व्यापारियों के सड़क पर बने गड्ढे में जमा पानी से स्नान करने के बाद ही निगम प्रशासन के अधिकारियों ध्यान इस ओर गया। मौके पर पहुंचकर जल निकासी की व्यवस्था शुरू की गई, लेकिन स्थायी समाधान अब तक नहीं हो पाया।

व्यापारियों का कहना है कि जर्जर सड़क और जलभराव के कारण न केवल राहगीरों को परेशानी झेलनी पड़ रही है, बल्कि दुकानदारों का कारोबार भी चौपट हो गया है। ग्राहकों की संख्या कम हो गई है, जिससे भारी नुकसान उठाना पड़ रहा है। सड़क की यह समस्या वर्षों से बनी हुई है। फोरलेन सड़क का काम अधूरा है और ओवरब्रिज निर्माण भी अटका हुआ है। इसके चलते आवागमन की स्थिति बद से बदतर होती जा रही है। लोगों का कहना है कि मजबूरी में उन्हें सड़क पर उतरकर विरोध करना पड़ता है, लेकिन समस्या का स्थायी हल नहीं निकल रहा।
