बारिश में भरे गड्ढे में गिरने से मासूम की गयी जान-सरभोका में पसरा मातम

कोरबा 09 जुलाई। जिले के पोड़ी-उपरोड़ा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सरभोका के केशरूपारा में घर के सामने बने गड्ढे में बारिश का पानी भर जाने से दो मासूम बच्चे उसमें खेलते-खेलते गिर गए।
ग्रामीणों की तत्परता से एक बच्चे को समय रहते बचा लिया गया, लेकिन तीन वर्षीय गगन सिंह बिझावार की पानी में डूबने से घटना स्थल पर ही मृत्यु हो गई। मासूम की मृत्यु से पूरे ग्राम में शोक की लहर फैल गई है।
यह घटना अन्य लोगो के लिये एक गंभीर चेतावनी है कि घर या बस्ती के आस-पास बने खुले गड्ढे जानलेवा साबित हो सकते हैं। यदि ऐसे स्थलों को स्लैब से ढक दिया जाए या समतल करा दिया जाए, तो भविष्य में इस प्रकार की दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है। ग्रामवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि बारिश के मौसम में इस तरह के खतरनाक स्थानों की पहचान कर उन्हें सुरक्षित किया जाए। सावधानी ही सुरक्षा है, मासूमों की जिंदगी बचाने के लिए अब हर गड्ढे को भरना जरूरी हैं।
