कारोबारी और भा. ज. पा. नेता गोपाल खेमका काण्ड: एनकाउंटर में मारे गए आरोपी के परिजनों ने किया हंगामा, सुपारी देकर हत्या कराने वाला बिल्डर गिरफ्तार

पटना। कारोबारी और भाजपा नेता गोपाल खेमका की बांकीपुर क्लब के चुनाव में हुई नोकझोंक और व्यापारिक रंजिश के चलते हत्या करवाने का खुलासा हुआ है। पटना पुलिस ने बड़ी कामयाबी हासिल कर इस केस को सुलझाने का दावा किया और मास्टरमाइंड बिल्डर अशोक साव को मंगलवार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, पुख्ता सबूत व लोकेशन के आधार पर उसे गिरफ्तार किया गया है। व्यापारिक स्पर्धा के अलावा साव और खेमका की पिछले साल बांकीपुर चुनाव में कहासुनी हुई थी व साव ने खेमका पर बंदूक तान कर देख लेने की धमकी दी थी। पुलिस का दावा है कि साजिश साव ने रची, गिरफ्तार शूटर उमेश यादव को 10 लाख रुपए में सुपारी दी और एक लाख रुपए एडवांस दिए।
हथियार देन वाले का एनकाउंटर
पुलिस के अनुसार शूटर उमेश यादव को गोपाल खेमका की हत्या के लिए विकास उर्फ राजा ने हथियार उपलब्ध करवाए थे। राजा को पुलिस ने मंगलवार को ही पटना के माल सलामी इलाके में एक एनकाउंटर में मार गिराया। पुलिस साव से पहले पांच लोगों को गिरफ्तार कर चुकी है।
आपको बता दें कि पटना में मशहूर कारोबारी गोपाल खेमका की हत्या मामले में पुलिस ने सोमवार को शूटर उमेश यादव को गिरफ्तार किया, जिसकी निशानदेही पर देर रात तक छापेमारी चली। इस दौरान पुलिस और अपराधी में मुठभेड़ हुआ। पुलिस की गोली से अपराधी विकास उर्फ राजा ढेर हो गया। गोपाल खेमका हत्याकांड में हुए इस एनकाउंटर के बाद मंगलवार की सुबह मृतक अपराधी राजा की मां उस जगह पर पहुंची जहां उसके बेटे को पुलिस ने मार गिराया था।
मालसलामी थाना के दाउदचक निवासी प्रदीप महतो का बेटा विकास उर्फ राजा (29 वर्ष) को पुलिस ने देर रात पौने तीन बजे ढेर कर दिया। उसके शव को पोस्टमॉर्टम के लिए नालंदा मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया। वहीं मंगलवार की सुबह-सुबह सूचना मिलने पर राजा की मां बेटे को ढूंढने उस जगह पहुंची जहां राजा का एनकाउंटर हुआ था। राजा की मां बेहोश हो गयी।
राजा के परिजन सुबह-सुबह उस जगह पर पहुंचे जहां एनकाउंटर हुआ था। रोते-बिलखते परिजन हंगामा करते दिखे। उन्होंने बताया कि राजा चेन्नई में रहता था। उन्हें यकीन नही कि गोपाल खेमका हत्याकांड में राजा का हाथ हो सकता है। राजा की मां अपने बेटे की लाश को ढूंढने इधर-उधर भटकती रही। घर की अन्य महिलाएं भी शव को ढूंढ रही थी। हालांकि राजा के शव को पुलिस ने पहले ही पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेज दिया था।
