चक्रवाती तूफान के बीच प्रकृति के अनुपम उपहार ने मुग्ध किया, आसमान हुआ लाल-गुलाबी..!

दन्तेवाड़ा : दक्षिण बस्तर के बचेली और किरंदुल में मंगलवार 28 अक्टूबर की शाम मौसम के बदलते मिजाज के बीच एक बेहद दुर्लभ और मनमोहक नजारा देखने को मिला। अर्नब चक्रवाती तूफान की आहट के बीच बैलाडीला की ऊंची पहाड़ियों के पीछे बादलों पर बिखरी गुलाबी और लाल रोशनी ने पूरे आसमान को किसी खूबसूरत पेंटिंग में तब्दील कर दिया।
सूर्यास्त के समय हुई इस आकाशीय घटना ने स्थानीय लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। बादलों पर पड़ती लालिमा, पहाड़ियों की गहरी आकृतियों और दूर टिमटिमाती एनएमडीसी प्लांट व शहरी रोशनी के मेल ने इस दृश्य को और भी अलौकिक बना दिया। इस अद्भुत नजारे को देखकर सड़क से गुजरने वाले लोग भी कुछ पल के लिए ठहरकर प्रकृति की इस सुंदरता को निहारते नजर आए।
इस अद्भुत नजारे को जिसने भी देखा, देखता ही रह गया। लोगों ने इस खूबसूरत लम्हे को यादगार बनाये रखने के लिए प्रकृति के इस अनमोल उपहार को कैमरे में कैद कर लिया। अब कुदरत का यह खूबसूरत आर्ट शोसल मीडिया में वायरल हो रहा है।
