भोजन के तुरंत बाद पानी पीना जहर के समानः डॉ. नागेंद्र

कोरबा 1 जुलाई। स्वास्थ्य सुरक्षा को लेकर आयुर्वेद के कई नियम हैं और लोगों से अपेक्षा की जाती है कि वे जीवनचर्या में इसका पालन करें। इसके कई फायदे भी चिकित्सक बताते हैं। भोजन ग्रहण करने के तुरंत बाद पानी पीने को जहर के समान बताया गया है। क्योंकि चयापचय की पूरी प्रक्रिया इस कारण से बाधित होती है।
डॉक्टर्स डे पर आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. नागेंद्र नारायण शर्मा ने यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि भोजन के दौरान जठरागिनी से भोजन अंदर मिक्स होता है और फिर यह अलग स्वरूप प्राप्त करता है। एक पेस्ट बनने पर शरीर में रस बनने की प्रक्रिया शुरू होती है तब शरीर को पानी की जरूरत होती है। उन्होंने बताया कि इस पद्धति से पानी का उपयोग करने से भोजन सही तरीके से पचता है और अन्य स्थिति में वह सडन पैदा करता है। इस वजह से यूरिक एसिड और कोलेस्ट्राल बढने की समस्याएं पैदा होती है और फिर कई प्रकार के विकार पैदा होते हैं। इन्हीं विकारों को जहर की संज्ञा दी गई है। एलडीएल और बीएलडीएल की स्थिति होने पर आपको समझना होगा कि ये विष हैं और शरीर में विभिन्न स्थिति में ऐसे 103 विष की उत्पत्ति होती है।
डॉ. शर्मा ने कहा कि यूरिक एसिड बढने के पीछे भोजन का सही तरीके से नहीं पचना सबसे बड़ा कारण है और फिर इस वजह से पीडि़त को दवा का उपयोग करना पड़ता है। आयुर्वेद के क्षेत्र में लंबे समय से काम कर रहे डॉ. शर्मा ने आयुर्वेद के सिद्धांतों के आधार पर लोगों को यह बताने की कोशिश की है कि प्रयास यह हो भोजन से 45 मिनट पहले पानी का उपयोग किया जाए और भोजन के बाद पर्याप्त अंतर लेकर अपनी आवश्यकता पूरी करें। ऐसा करने से अनावश्यक दिक्कतों से आप बच सकते हैं।
