सख्त हुआ निगम, फुटपाथ से बेजा कब्जा और दूसरे अवरोध हटाया

कोरबा 26 जून। स्वच्छत रैंकिंग में आगे बढने और ऐसे कार्यों पर भारी-भरकम खर्च जब हो रहा है तो इसी हिसाब से बहुत कुछ सुधार भी जरूरी है। छत्तीसगढ़ के बड़े और लाभकारी नगर निगम में शामिल कोरबा में इसी इरादे से जरूरी कामकाज कराए जा रहे हैं। उन सभी निशानियों को हटाने पर सख्ती दिखाई जा रही है जो सुंदरता में बाधक हैं। निगम की टीम ने आज से अभियान शुरू कर फुटपाथ को बेजा कब्जा से मुक्त कराया।
महाराणा प्रताप चौराहे से कोसाबाड़ी जोन तक ऐसे कार्यों को हाथ में लिया गया। कमिश्नर सहित निगम के अधिकारी और कर्मी संसाधन के साथ अभियान का हिस्सा बने मुख्य सडक के आसपास की फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को तत्काल प्रभाव से हटाने का काम किया गया। संबंधित लोगों को फिर चेतावनी दी गई की उन्होंने आगे उल्लंघन किया तो कठोर कार्रवाई करने के लिए मजबूर होना पड़ेगा। आनन फानन में इस इलाके में कारोबार करने वाले लोगों ने फुटपाथ और उसके आसपास की गई घेराबंदी को हटाया। कुछ मामलों में निगम ने अपने संसाधन से अनावश्यक किए गए उपायों को समाप्त किया। कहा गया कि इस तरह की कोशिश पर विराम नहीं लगी तो आगे बेहद कड़े कदम उठा जाएंगे और पेनाल्टी भी की जाएगी। नगर निगम की टीम ने ओपन थिएटर घंटाघर के फुटपाथ पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई की। स्मृति उद्यान के सामने इस प्रकार के मामलों में भी एक्शन लिए गए। नेताजी सुभाष चंद्र बोस चौराहा के सामने फलोद्यान के आसपास किए गए अवैध कब्जा और एक गेट को भी तोडने की कार्रवाई की गई। इसकी आड़ में भी मौके पर गंदगी की जा रही थी और इसके चलते आसपास का माहौल अस्वच्छ हो रहा था। निगम की ओर से इस इलाके में फल कारोबार के लिए वेंडिंग जोन बनाया जाना है। इसी कार्य योजना पर इंप्लीमेंटेशन करने के लिए इस प्रकार के अभियान को हाथ में लिया गया है।
जहां जैसी जरूरत है, वहां वैसा काम नगर निगम करने वाला है। इसके अंतर्गत क्षेत्र का चिन्हकन करने के साथ वहां हर दिन सुबह 7.00 बजे से नगर निगम की टीम अपनी उपस्थिति दर्ज कराएगी। इसमें छोटे-बड़े अधिकारी और कर्मी शामिल होंगे। नगर निगम का उद्देश्य शहर की बेहतरी के लिए काम करना है।
-आशुतोष पांडेय, आयुक्त नगर निगम
