भाजपा की महिला नेता ने लिखाई आदिवासी ग्रामीण के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट, पुलिस ने दर्ज किया अपराध, वायरल वीडियो बता रहा सच्चाई, पुलिस की ईमानदारी दांव पर, आगे आगे देखिए होता है क्या..? देखिए वायरल वीडियो

कोरबा। जिले के बांकीमोगरा थाना परिसर में आदिवासी ग्रामीण बलवान सिंह कंवर निवासी ग्राम बरेडिमुड़ा के साथ मारपीट करने की घटना का वीडियो वायरल होने के बाद मामला लगातार तूल पकड़ता जा रहा है। इसमें जहां कांग्रेस और भाजपा के बीच राजनीति गर्माने लगी है वहीं बांकीमोगरा का भी राजनीतिक माहौल काफी गर्म हो चला है। आरोप-प्रत्यारोप के दौर में जहां पुलिस ने थाना परिसर में मारपीट के मामले में भाजपा नेत्री और उसके साथियों के विरुद्ध अपराध दर्ज किया है वहीं आदिवासी समाज ने एक्ट्रोसिटी एक्ट की धारा जोड़ने के साथ गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है। इन तमाम घटनाक्रमों के बीच बांकीमोगरा पुलिस ने भाजपा नेत्री की तहरीर के आधार पर आदिवासी ग्रामीण के खिलाफ छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज की है।

जानकारी के अनुसार भाजपा नेत्री ने 9 जून को बांकीमोगरा थाना प्रभारी के नाम लिखित शिकायत करते हुए अपने साथ हुए घटनाक्रम का जिक्र किया है। इसके आधार पर दर्ज कराई गई रिपोर्ट में बताया गया है कि वह (पीड़िता) 07 जून 2025 की शाम लगभग 5 बजे अपने घर बांकीमोंगरा से कोरबा जा रही थी, रास्ते में गजरा वाले मुख्य मार्ग पर उसे अकेला पाकर बलवंत सिंह द्वारा छेड़खानी की गई। जब उसने प्रतिवाद किया तो बलवंत ने उसका हाथ पकड़कर अपनी ओर खींचा और गाली गलौच करते हुए जबरदस्ती का प्रयास किया। वह अपनी लज्जा बचाने के लिये जोर से चिल्लाई तब आस पास मौजूद 5-7 लोग उसकी मदद के लिये आए। सबने मिलकर बलवंत सिंह को पकड़कर बांकीमोंगरा थाना लाया और उक्त घटना की जानकारी दी। अतः निवेदन है कि उक्त घटना की पूर्ण जांच कर वास्तविकता को स्पष्ट कर अपराध दर्ज करने की कृपा करें।

इस शिकायत के आधार पर बांकीमोंगरा पुलिस ने आज 9 जून 2025 की शाम 7:25 बजे अपराध क्रमांक 0117 पर FIR दर्ज करते हुए धारा 126 (2), 74, 79, 296 बीएनएस के तहत बलवंत सिंह के विरुद्ध अपराध पंजीबद्ध कर लिया है।

आपको बता दें कि कोरबा जिले के बांकीमोंगरा क्षेत्र की एक भाजपा नेत्री व नगर पालिका परिषद की पूर्व पार्षद रहीं ज्योति महंत ने बांकीमोगरा थाना भवन के सामने थाना परिसर में एक ग्रामीण से मारपीट की। भाजपा नेत्री की मार से ग्रामीण सड़क पर गिर पड़ा तो भांप नेत्री उसे और जमीन पर लिटा कर थप्पड़ व लात से मारते हुए नजर आ रही हैं। कह भी रहीं हैं कि ये मर जायेगा तो भी फर्क नहीं पड़ता। देखें वीडियो-

दरअसल, इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो 8 जून को तेजी से वायरल हुआ। घटनाक्रम कुछ ऐसा है कि ग्राम बरेडिमुड़ा का रहने वाला ग्रामीण अपने बैल को लेकर आ रहा था कि इस दौरान भाजपा नेत्री भी अपने कार से जा रही थी। ग्रामीण बैल को लाते वक्त मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था और उसने सामने वाले को जिससे बात कर रहा था उसे गाली भी दिया लेकिन भाजपा नेत्री ने इस गाली को अपने ऊपर ले लिया। रावणभाटा मैदान मार्ग में उस ग्रामीण से मारपीट की गई और उसके बाद उसे थाना भी कुछ युवकों के द्वारा लाया गया। यहां भी उसे थाना भवन के सामने परिसर के भीतर मारा-पीटा गया।

वीडियो में नेत्री अश्लील गाली गलौज कर बता रही हैं कि ग्रामीण ने किस तरह से अपशब्द का प्रयोग किया। ग्रामीण की पिटाई के दौरान आस पास के कुछ युवा भी एकत्र हो गए और वह भाजपा नेत्री का सपोर्ट करते नजर आए। वही इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना रहे शख्स की ओर भाजपा नेत्री का परिचित लपका और कैमरे के सामने हाथ रखकर वीडियो बनाने से मना किया।

बीजेपी नेत्री द्वारा ग्रामीण की पिटाई करने का वीडियो वायरल होने के साथ ही इस बात की चर्चा क्षेत्र में है कि थाना परिसर में थाना भवन के सामने इस तरह से किसी ग्रामीण के साथ भाजपा नेत्री के द्वारा मारपीट करना कितना उचित है? ग्रामीण ने जो हरकत की या जो भी घटनाक्रम हुआ, उसके संबंध में थाना में रिपोर्ट भी लिखवाई जाकर कार्रवाई कराई जा सकती थी। लेकिन उन्होंने स्वयं कानून को अपने हाथ में ले लिया।

बहरहाल, उक्त ग्रामीण ने अपनी बात रखते हुए बताया कि उसके साथ जबरन मारपीट की गई और थाना लाये जाने के बाद मामला रफा दफा करने के नाम पर पैसे की मांग की गई। वहीं उसे लाने वाले युवकों के द्वारा उससे 4500 रुपये लिए गए।

घटना के दूसरे दिन शाम को मामले की लिखित शिकायत पीड़ित ग्रामीण बलवान सिंह कंवर ने बांकीमोंगरा पुलिस थाना में की। आवेदन पत्र में
प्रार्थी बलवान सिंह कंवर पिता स्व. धनसिंह कंवर 40 वर्ष ने लिखा है कि वह, ग्राम बरेडीमुडा में रहता है तथा खेती किसानी का काम करता है। वह 07 जून 2025 को अपने भाई चंद्रशेखर कंवर, मामा रंजीत कवंर एक साथ हरदीबाजार बैल खरीदने गए थे। उन्होंने एक जोड़ी बैल खरीदा। उसके बाद वह, बैल को खदेड़ते हुए भाई चंद्रशेखर कंवर, मामा रंजीत कवंर सहित पैदल घर आ रहे थे। बलवान अपने मोटर सायकल से आगे-आगे आ रहा था। बांकीमोंगरा रावणभाटा के पास पहुंचा तो उसी समय ज्योति महंत, अमन सिंह राजपूत, मुकेश राणा एवं अन्य साथियों के द्वारा उसे गालियां देते हुए हाथ झापड़ से मारपीट की गई। लड़की ने कार से उतर कर उसे जाहिल गवार और भद्दी गालियां देकर बोलने लगी कि तेरे बाप का रोड है क्या रे गवार, तेरे जैसे जैसे दस लोगो को गंगा नहला चुकी हूँ तेरे को नंगा करके बीच चौराहे में मारूंगी तु जानता नहीं हैं मेरी पहुँच को। इसके बाद पुलिस का डर दिखाकर धमका कर तीन-चार मोटरसाईकलों में प्रार्थी को बंधक बनाकर थाना ले आये।

उस समय पर उनके सभी साथी थाना परिसर में आ गये, फिर उसी बांकीमोंगरा थाना परिसर में उसे लात-जूतों से घसीट-घसीट कर मारा गया और उनके द्वारा मारते-मारते बोला जा रहा था कि देख लिया हमारी पहुँच, जब हम थाना परिसर में मार सकते हैं तो सोच और हम क्या-क्या कर सकते हैं, सरकार पुलिस हमारे जेब में है तुझे अपनी पहुँच से झुठे छेड़‌छाड़ का केस लगवा कर जेल में सड़ा दूँगी। अगर तु बचना चाहता है तो हमे 20,000 (बीस हजार रू) दे। प्रार्थी के मुताबिक वह गरीब किसान है, उसके पास उतने पैसे नहीं थे तो कहाँ से लाता, फिर अपनी जान बचाने के लिये रिस्तेदार चन्द्रशेखर कंवर से 4500 (चार हजार पाँच सौ रू) देने को कहा जो पेट्रोल टंकी के पास पैसा उन लोगो को दिया, उसके बाद उसे छोडा गया।

बांकीमोंगरा थाना पुलिस ने लिखित आवेदन के आधार पर 8 जून रविवार को आरोपी महिला नेत्री ज्योति महंत सहित अमन कुमार राजपूत, मुकेश राणा व साथियों के विरुद्ध भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 115 (2), 140 (3), 308 (2) तथा 3(5) के तहत जुर्म दर्ज कर लिया है और मामले की विवेचना की जा रही है।
इसी बीच 9 जून की शाम भाजपा नेत्री ने बलवान सिंह कंवर के खिलाफ छेड़छाड़ और जबरदस्ती करने के प्रयास की रिपोर्ट दर्ज कर दी है। ध्यान रहे कि वायरल वीडियो अपनी कहानी आप कह रहा है। अब पुलिस की जांच में उसकी निष्पक्षता और ईमानदारी दांव पर लग गई है। बहरहाल आगे आगे देखिए होता है क्या..?

Spread the word