ऑटो चालक और सवारी से नगदी व मोबाइल की लूट

कोरबा 07 जून। कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत तुलसी नगर में ऑटो चालक और सवारी से साढ़े चार हजार रुपए नकदी और मोबाइल लूट की घटना सामने आई है। चालक ने इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है।

पुलिस ने बताया कि ट्रांसपोर्ट नगर चिमनी भटठा निवासी व्यक्ति ऑटो चालक है। वह बुधवार रात्रि लगभग दो बजे रेलवे स्टेशन से दो सवारी को बैठाकर गंतव्य के लिए निकला था। तुलसी नगर में एक सवारी को छोड़ा। इसके बाद वह दूसरे सवारी को छोडने के लिए ट्रांसपोर्ट नगर आ रहा था। इस बीच तुलसी नगर पंडाल के समीप आंगनबाड़ी के पास तीन युवक आए। ऑटो को रूकवाया। डंडा दिखाकर जेब में रखे 600 रुपए और ऑटो में बैठे सवारी का बैग लेकर भाग गए। बैग में चार हजार रुपए नकदी और मोबाइल था। घटना के बाद सवारी डरकर वहां से चला गया। इसकी रिपोर्ट थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने मामले में लूट का केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

Spread the word