एसईसीएल में अवैध हुकिंग पर शुरू हुई कार्रवाई, बेजाकब्जा बड़ा कारण

कोरबा. एसईसीएल की बिजली से जोड़कर गैरकानूनीतरीके से अपने घरों में बल्ब और बिजली के अन्य उपकरण चलाने वाले लोगों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। एसईसीएल ने शहीद भगत सिंह कालोनी स्थित सब स्टेशन के करीब अंबेडकर नगर और सुभाष ब्लॉक कालोनी में कार्रवाई की। इस दौरान कोयला कंपनी के बिजली तार से जोड़े गए निजी लोगों के कनेक्शन को काट दिया गया। तारों को कंपनी के अधिकारियों ने जब्त कर लिया। आने वाले दिनों में भी कोयला कंपनी की ओर से यह कार्रवाई जारी रखने की बात कही गई है। बताया जाता है कि अवैध हुकिंग के कारण एसईसीएल की शहीद भगत सिंह कालोनी, जेपी कालोनी और सुभाष ब्लॉक क्षेत्र में लो-वोल्टेज की समस्या रहती है। इससे कोयला कंपनी के कर्मचारी परेशान हो रहे हैं। कंपनी पर भी आर्थिक मार पड़ रही है। इसे देखते हुए कंपनी ने अवैध हुकिंग करने वालों पर कार्रवाई शुरू की है। कंपनी की ओर से यह भी बताया गया है कि लोगों ने एसईसीएल की जमीन पर बड़े पैमाने पर कब्जा किया है। इसमें से कई लोग कंपनी के बिजली से ही अपना घर रोशन कर रहे हैं। यही कंपनी के लिए परेशानी का सबसे बड़ा कारण है। सुभाष ब्लॉक और जेपी कालोनी के साथ-साथ मानिकपुर में भी अवैध कनेक्शन के कई घर रोशन हो रहे हैं।

Spread the word