जनपद क्षेत्र के विकास कार्यों के लिए आबंटन में भेदभाव का आरोप लगा किया गया विरोध

कोरबा 08 मई। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के जिलाध्यक्ष गिरिजा सिंह कोराम ने कोरबा जिला कलेक्टर को पत्र लिखकर पोड़ी-उपरोड़ा जनपद पंचायत क्षेत्र में सदस्यों के अधिकारों का हनन रोकने मांग की है।

उनका आरोप लगाते हुए कहना है कि सामान्य सभा में प्रस्ताव पारित कर 5 सदस्यों को विकास कार्यों के लिए राशि के आबंटन में कटौती करने का प्रस्ताव पारित किया है। राशि का आबंटन नहीं होने पर चक्काजाम करने की चेतावनी भी दी है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी का कहना है कि 30 अप्रैल को सामान्य सभा की बैठक आयोजित की गयी थी। इसमें 15वें वित्त की राशि में जनपद पंचायत क्षेत्र क्रमांक 7, 4, 22, 13 और 16 के सदस्यों का वित्त आबंटन संबंधी अधिकारों का हनन किया गया है। इन सदस्यों के हिस्से की राशि का आबंटन नहीं किया जा रहा है।

केंद्र सरकार से वित्त प्राप्ति के बाद ग्रामों को 75 प्रतिशत जनपद को 15 प्रतिशत और जिला पंचायत के बीच 10 प्रतिशत के अनुपात में वितरित की जाती है। इसके तहत सभी जनपद क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए राशि का आबंटन किया जाता है। परंतु 5 जनपद सदस्यों को इससे वंचित किया जा रहा है। उन्होंने एसडीएम और जनपद सीईओ को भी ज्ञापन सौंपा है। इस दौरान संभागीय उपाध्यक्ष सुरेश पोर्ते, रामेश्वर सिंह उरे, सहेतर सिंह राज, शिवराम सिंह मरकाम, विद्वान मरकाम, वेद प्रकाश कोराम, दिनेश कोराम, सुरेंद्र पावले सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Spread the word