छत्तीसगढ़ की तीनों बिजली कंपनियों में 1501 पदों पर भर्ती, 26 नवंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन; DEO के सबसे ज्यादा 609 पद

रायपुर। छत्तीसगढ़ के युवाओं के लिए सरकारी नौकरी पाने का बड़ा अवसर सामने आया है। प्रदेश की तीनों स्टेट पावर कंपनियों में विभिन्न श्रेणियों के कुल 1501 पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए 5 नवंबर 2026 को विस्तृत भर्ती विज्ञापन जारी किया गया है। ऑनलाइन आवेदन की प्रक्रिया 6 नवंबर से शुरू हो चुकी है। इच्छुक और पात्र अभ्यर्थी 26 नवंबर 2026 की रात 11:55 बजे तक आवेदन कर सकते हैं।

इस भर्ती के तहत द्वितीय श्रेणी के 195 पद और तृतीय-चतुर्थ श्रेणी के 1306 पद भरे जाएंगे। सबसे अधिक 609 पद डाटा एंट्री ऑपरेटर (DEO) के हैं। इसके अलावा कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 167 पदों पर भी नियुक्ति की जाएगी।

इंजीनियरिंग के 152 पदों पर भी होगी भर्ती

भर्ती प्रक्रिया में सहायक अभियंता के कुल 152 पद शामिल हैं। इनमें मैकेनिकल, इलेक्ट्रिकल, इलेक्ट्रॉनिक्स, कंप्यूटर साइंस, आईटी और सिविल इंजीनियरिंग शाखाओं के पद हैं। इसके अलावा फायर ऑफिसर, सुरक्षा अधिकारी, प्रोग्रामर, शिफ्ट केमिस्ट और कनिष्ठ अभियंता के पदों पर भी नियुक्तियां की जाएंगी।

कनिष्ठ अभियंता (इलेक्ट्रिकल) के 167 पदों में जनरेशन कंपनी के 11, ट्रांसमिशन कंपनी के 32 और डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के 124 पद शामिल हैं।

मेडिकल और तकनीकी स्टाफ के पद भी शामिल

तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों में अटेंडेंट प्लांट, फायर अटेंडेंट, स्टेनोग्राफर, सहायक लैब टेक्नीशियन, फार्मासिस्ट, स्टाफ नर्स और रेडियोग्राफर सहित कई पद शामिल किए गए हैं। इस तरह भर्ती में इंजीनियरिंग, तकनीकी, प्रशासनिक और मेडिकल क्षेत्र से जुड़े अभ्यर्थियों को अवसर मिलेगा।

26 नवंबर रात 11:55 बजे तक आवेदन का मौका

इच्छुक अभ्यर्थियों को ऑनलाइन माध्यम से आवेदन करना होगा। आवेदन शुल्क नेट बैंकिंग, क्रेडिट कार्ड, डेबिट कार्ड या यूपीआई के जरिए जमा किया जा सकेगा।

भर्ती विज्ञापन के अनुसार तृतीय और चतुर्थ श्रेणी के पदों के लिए केवल छत्तीसगढ़ के मूल निवासी अभ्यर्थी पात्र होंगे। शैक्षणिक योग्यता, आयु सीमा, आरक्षण और अन्य पात्रता संबंधी शर्तों की विस्तृत जानकारी आधिकारिक भर्ती विज्ञापन में दी गई है। आवेदन करने से पहले अभ्यर्थियों को विज्ञापन में दिए गए सभी नियमों और शर्तों को ध्यान से पढ़ने की सलाह दी गई है।

Spread the word