करंट से एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत, पिता-पुत्र के बाद मां ने भी तोड़ा दम; दिवाली की खुशियां मातम में बदलीं

बलौदाबाजार। छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार में हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आने से एक ही परिवार के तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। शुक्रवार को करंट लगने से पिता और बेटे की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि गंभीर रूप से झुलसी मां ने भी आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे ने पूरे परिवार की दीपावली की खुशियों को मातम में बदल दिया है। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
घर की सफाई करते समय हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए पिता
जानकारी के मुताबिक, घटना बलौदाबाजार के नेहरू चौक की है। यहां रहने वाले राकेश गुप्ता शुक्रवार सुबह अपने घर में साफ-सफाई कर रहे थे। इसी दौरान घर से महज पांच फीट की दूरी से गुजर रही हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से घर में चीख-पुकार मच गई।
बचाने पहुंची पत्नी और बेटा भी झुलसे
राकेश की चीख सुनकर उनकी पत्नी वर्षा और बेटा ईशान उन्हें बचाने पहुंचे, लेकिन वे भी बिजली के करंट की चपेट में आ गए। हादसे में राकेश और उनके बेटे ईशान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि वर्षा गंभीर रूप से झुलस गईं।
रायपुर के अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत
गंभीर हालत में वर्षा को पहले बलौदाबाजार जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए रायपुर रेफर किया गया था। यहां एक निजी अस्पताल में उनका उपचार चल रहा था। शनिवार सुबह इलाज के दौरान वर्षा ने भी दम तोड़ दिया। इसके साथ ही हादसे में एक ही परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।
सामने आया था हादसे का दिल दहला देने वाला वीडियो
घटना का एक वीडियो भी सामने आया था, जिसमें हाईटेंशन लाइन से करंट और आग निकलती दिखाई दे रही थी। आग घर की बालकनी तक फैलती नजर आई। इस खौफनाक दृश्य को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई थी। अब पिता, मां और बेटे की मौत से पूरे इलाके में शोक की लहर है।
