चोरों के निशाने पर शिव मंदिरः आधी रात दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी चोरी, सीसीटीवी में कैद हुई वारदात

कोरबा, 6 नवम्बर। ऊर्जाधानी कोरबा में चोरी की घटनाओं के बीच अब धार्मिक स्थल भी चोरों के निशाने पर आ गए हैं। निहारिका क्षेत्र की साडा कॉलोनी स्थित नगर निगम आवासीय परिसर के श्री शिव मंदिर में अज्ञात चोर ने दान पेटी का ताला तोड़कर नकदी पार कर दी। चोरी की पूरी वारदात मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के अनुसार, घटना बीती रात करीब 12 बजकर 13 मिनट की है। आरोपी मंदिर परिसर में पहुंचा और दान पेटी का ताला तोड़कर उसमें रखी नकदी निकालकर फरार हो गया। मंदिर में लगे सीसीटीवी कैमरे में आरोपी की करतूत रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज सामने आने के बाद स्थानीय लोगों ने इसके आधार पर आरोपी की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी की मांग की है।
मंदिर की दान पेटी में चोरी की घटना से क्षेत्रवासियों में नाराजगी है। लोगों का कहना है कि अब धार्मिक स्थल भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। फिलहाल चोरी हुई नकदी की कुल रकम सामने नहीं आई है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान और पुलिस की आगामी कार्रवाई का इंतजार है।
