माफिया अंकित यादव नाम की इंस्टाग्राम आईडी पर साली मौसम कुमारी की डीपी , इसके बाद भागलपुर में खूब चले लाठी-डंडे

नवगछिया, 02 नवंबर । सोशल मीडिया पर अनुचित तस्वीर पोस्ट करने और डिस्प्ले पिक्चर (डीपी) लगाने का विवाद किस कदर हिंसक रूप ले सकता है, इसकी बानगी नवगछिया पुलिस जिले के कदवा थाना क्षेत्र में देखने को मिली। नवीन नगर पूनामा प्रताप नगर में इंस्टाग्राम प्रोफाइल पर साली की तस्वीर लगाने को लेकर उठा घरेलू विवाद देखते ही देखते खूनी संघर्ष में तब्दील हो गया। मामले में उलाहना और शिकायत लेकर पहुंचे चचेरे भाई और उसकी पत्नी पर लाठी-डंडों से जानलेवा हमला बोल दिया गया। इस हमले में दीपक यादव (&5) और उनकी पत्नी सपना कुमारी गंभीर रूप से घायल हो गए। नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद दोनों की गंभीर हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए पूर्णिया रेफर कर दिया है।

घटना के संदर्भ में मिली जानकारी के मुताबिक, दीपक यादव को शनिवार की देर रात उनकी साली मौसम कुमारी के पति विकास यादव का अचानक फोन आया। विकास ने बेहद गुस्से में कहा कि इंस्टाग्राम पर उनकी पत्नी मौसम की तस्वीर किसी अन्य लडक़े के साथ लगी है, इसलिए अब वे मौसम को अपने साथ नहीं रखेंगे और रिश्ता खत्म कर रहे हैं। जांच-पड़ताल में पता चला कि इंस्टाग्राम पर माफिया अंकित यादव नाम से संचालित एक अकाउंट की डीपी (डिस्प्ले पिक्चर) में मौसम कुमारी और अंकित यादव की एक साथ की तस्वीर लगाई गई थी। इस तस्वीर के सार्वजनिक होने से पूरे परिवार में बदनामी और वैवाहिक रिश्ते में दरार पडऩे की नौबत आ गई थी।साली का वैवाहिक जीवन टूटने के कगार पर पहुंचने से आहत दीपक यादव रविवार दोपहर करीब चार बजे अपने परिजनों के साथ चचेरे भाई बबलू यादव के घर पहुंचे। वे शांतिपूर्वक तरीके से इंस्टाग्राम से तस्वीर हटाने और अंकित को समझाने का आग्रह कर रहे थे। आरोप है कि शिकायत सुनते ही बबलू यादव और उनके स्वजन भडक़ गए और गाली-गलौज करने लगे। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि बबलू यादव, उनकी पत्नी कंचन देवी तथा उनके तीन पुत्रों—अंकित यादव, आशीष यादव और राजा यादव ने लाठी, डंडे और धारदार हथियारों से दीपक यादव और उनकी पत्नी सपना कुमारी पर ताबड़तोड़ हमला बोल दिया। दोनों को बेरहमी से पीटा गया, जिससे वे सिर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोट लगने से लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़े। दंपति की चीख-पुकार सुनकर आसपास के ग्रामीण दौड़े और बीच-बचाव कर किसी तरह दोनों की जान बचाई। ग्रामीणों के सहयोग से दोनों घायलों को तत्काल नवगछिया अनुमंडलीय अस्पताल पहुंचाया गया। आपातकालीन वार्ड में तैनात चिकित्सकों ने बताया कि दोनों के सिर और अंदरूनी हिस्सों में गंभीर चोटें आई हैं। अत्यधिक रक्तस्राव और नाजुक स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें तत्काल पूर्णिया मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर कर दिया गया।स्थानीय लोगों के अनुसार, दोनों परिवारों के बीच पूर्व से भी कुछ मनमुटाव चल रहा था, लेकिन इंस्टाग्राम पर तस्वीर पोस्ट किए जाने और एक महिला के वैवाहिक जीवन में संकट उत्पन्न होने के बाद मामला पूरी तरह बेकाबू हो गया। कदवा थाना पुलिस का कहना है कि घटना की सूचना मिली है। घायलों और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

Spread the word