जलापूर्ति में व्यवधान डालने पर निगम ने जप्त किये टुल्लू पंप

कोरबा, 30 अक्टूबर। शहर में पेयजल की सुचारु आपूर्ति और जल संरक्षण के लिए नगर निगम का मिशन वरुण अभियान लगातार जारी है। निगम की जलापूर्ति व्यवस्था प्रभावित करने वाले टुल्लू पंप और अवैध नल कनेक्शनों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।

इसी क्रम में तुलसीनगर क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने छह टुल्लू पंप जब्त किए। कई घरों में नल कनेक्शन होने के बावजूद कम दबाव की समस्या के चलते लोग सीधे नल में टुल्लू पंप लगा लेते हैं। इससे संबंधित घर में पानी का दबाव बढ़ जाता है, लेकिन आसपास के अन्य घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पाता। इसका सीधा असर उन नागरिकों पर पड़ता है, जो निगम की जलापूर्ति व्यवस्था पर निर्भर हैं। निगम ने स्पष्ट किया है कि टुल्लू पंप के साथ अवैध नल कनेक्शनों पर भी कार्रवाई की जाएगी। मिशन वरुण के तहत ऐसे कनेक्शनों की पहचान कर जल वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित करने का प्रयास किया जा रहा है।

आयुक्त ने नागरिकों से अपील की है कि निगम की जलापूर्ति लाइन में टुल्लू पंप न लगाएं और अवैध कनेक्शन लेने से बचें। कम दबाव या जलापूर्ति से जुड़ी समस्या होने पर निगम की जल प्रबंधन टीम से संपर्क करें। निगम ने कहा है कि समान जल वितरण और पेयजल व्यवस्था बेहतर बनाए रखने के लिए यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।

Spread the word