लापता युवक का नहर में मिला शव

कोरबा, 30 अक्टूबर। कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सायफन नहर पुल के पास पानी में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान इमली डुग्गू निवासी सतीश रजक के रूप में हुई है। युवक मंगलवार की शाम से लापता था। परिजन उसकी लगातार तलाश कर रहे थे, लेकिन उसका कहीं पता नहीं चल सका था।

जानकारी के अनुसार, सतीश रजक मंगलवार की शाम बिना किसी को बताए घर से निकला था। देर रात तक वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरू की। रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में तलाश करने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं मिला। इसी बीच शुक्रवार की सुबह राहगीरों ने सायफन नहर पुल के पास पानी में एक शव तैरते हुए देखा। इसकी सूचना मिलने पर परिजन तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्होंने शव की पहचान सतीश रजक के रूप में की। घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। युवक की मौत किन परिस्थितियों में हुई और उसका शव नहर तक कैसे पहुंचा, फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो सका है।

Spread the word