शराब घोटाले की जांच में ED-EOW और ACB का बड़ा एक्शन, रायपुर से कोरबा तक 18 ठिकानों पर छापेमारी; कारोबारियों में हड़कंप

रायपुर। छत्तीसगढ़ के बहुचर्चित शराब घोटाला मामले में जांच एजेंसियों की कार्रवाई तेज हो गई है। प्रवर्तन निदेशालय (ED) के बाद अब आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) और एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) भी एक्शन मोड में नजर आ रहे हैं। शुक्रवार को रायपुर, दुर्ग, भिलाई, बिलासपुर, राजनांदगांव, राजिम और कोरबा सहित कई शहरों में करीब डेढ़ दर्जन ठिकानों पर जांच एजेंसियों ने दबिश दी। एक साथ कई स्थानों पर हुई कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है।

रायपुर में रियल एस्टेट कारोबारी के घर पहुंची टीम

राजधानी रायपुर के वीआईपी स्टेट में रियल एस्टेट कारोबारी सुदर्शन शर्मा के आवास पर ACB और EOW की टीम पहुंची। बताया जा रहा है कि शराब घोटाले की जांच के सिलसिले में उनके निवास पर कार्रवाई की गई है। टीम आवास पर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच कर रही है। हालांकि, जांच में अब तक क्या सामने आया है, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं मिली है।

राजनांदगांव में दो कारोबारियों के ठिकानों पर रेड

राजनांदगांव में भी EOW की टीम ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश दी। जानकारी के मुताबिक, करीब 10 अधिकारियों और सुरक्षाकर्मियों की टीम दो वाहनों में सवार होकर पहुंची थी। टीम ने सनसिटी स्थित कारोबारी वैभव गोलछा के निवास और लालबाग क्षेत्र में कारोबारी जय बग्गा के घर जांच की।

बताया जा रहा है कि दोनों स्थानों पर हुई कार्रवाई का संबंध बहुचर्चित शराब घोटाले और कथित वित्तीय अनियमितताओं की जांच से है। फिलहाल जांच से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है।

गोबरा नवापारा में ज्वेलर्स और कपड़ा कारोबारी के प्रतिष्ठानों पर जांच

अभनपुर क्षेत्र के गोबरा नवापारा में EOW और ACB की संयुक्त टीम ने कई व्यावसायिक प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। टीम ने सोना-चांदी और कपड़ों के कारोबार से जुड़े प्रतिष्ठानों की जांच की। जानकारी के अनुसार, नवकार ज्वैलर्स और शांति विजय स्टोर्स सहित कारोबारी से जुड़े अन्य ठिकानों पर भी जांच की गई।

कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने दस्तावेजों और अन्य कारोबारी रिकॉर्ड की पड़ताल की। हालांकि, इस संबंध में एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की गई है।

बिलासपुर में कोयला कारोबारी शाहबाज खान के घर दबिश

न्यायधानी बिलासपुर में भी ACB और EOW की टीम ने कोयला कारोबारी शाहबाज खान के ठिकाने पर कार्रवाई की। शुक्रवार सुबह जांच टीम उसलापुर स्थित अलका एवेन्यू पहुंची। यहां अधिकारियों ने कारोबारी के निवास पर दस्तावेजों और अन्य जानकारियों की जांच शुरू की।

सुबह से ही टीम मौके पर मौजूद रही। फिलहाल इस कार्रवाई के दौरान क्या-क्या जानकारी मिली है, इसका खुलासा नहीं हुआ है।

कटघोरा में नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के निवास पर छापा

कोरबा जिले के कटघोरा में EOW की टीम ने एक साथ दो ठिकानों पर दबिश दी। जांच टीम कटघोरा नगर पालिका अध्यक्ष राज जायसवाल के निवास पर पहुंची। इसके अलावा नगर सैनिक दिलीप केंवट के ठिकाने पर भी छापेमारी की गई।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, इस कार्रवाई को पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में सामने आए बहुचर्चित DMF घोटाले की जांच से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि, EOW की ओर से इस संबंध में आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। दोनों स्थानों पर दस्तावेजों और अन्य महत्वपूर्ण जानकारियों की जांच की जा रही है।

Spread the word