बाजार की अव्यवस्था को लेकर नगर पालिका ने किया निरीक्षण

कोरबा, 6 अक्टूबर। नगर पालिका परिषद दीपका के वार्ड क्रमांक 3 स्थित सोमवारी बाजार में अतिक्रमण एवं बाजार की अव्यवस्था को लेकर स्थानीय महिलाओं एवं रहवासियों द्वारा शिकायत की गई। शिकायत में अतिक्रमण हटाने तथा बाजार को सुव्यवस्थित किए जाने की मांग की गई थी।

शिकायत को गंभीरता से लेते हुए नगर पालिका अध्यक्ष श्री राजेंद्र राजपूत, वरिष्ठ पार्षद अरुणीश तिवारी, मुख्य नगर पालिका अधिकारी नेतराम रत्नेश तथा इंजीनियर नारायण आदित्य ने सोमवार को सोमवारी बाजार का निरीक्षण किया। अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने मौके पर बाजार की स्थिति का जायजा लिया और स्थानीय निवासियों से चर्चा कर उनकी समस्याएं सुनीं।

निरीक्षण के दौरान बाजार में व्याप्त अव्यवस्था एवं अतिक्रमण से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवश्यक जानकारी ली गई। नगर पालिका अधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों को उचित कार्रवाई किए जाने तथा बाजार को व्यवस्थित करने का आश्वासन दिया।

Spread the word