शिव कुमार को पीएचडी की उपाधि

कोरबा, 29 सितंबर। संस्कार भारती के जिला महामंत्री तथा शासकीय ग्राम्य भारती महाविद्यालय, हरदीबाजार (जिला कोरबा) में हिंदी साहित्य के सहायक प्राध्यापक शिव कुमार दुबे को संत गाहिरा गुरु विश्वविद्यालय, सरगुजा (अम्बिकापुर) द्वारा आधिकारिक रूप से ‘डॉक्टर ऑफ फिलॉसफी की उपाधि से विभूषित किया गया है। उनकी इस उपलब्धि से शैक्षणिक, साहित्यिक एवं सांस्कृतिक जगत में अत्यंत हर्ष की लहर व्याप्त है।
डॉ. शिव कुमार दुबे ने अपना शोध कार्य ‘गुलजार के गीतों में काव्यत्व’ विषय पर पूर्ण किया है। यह शोध कार्य शासकीय राजमोहिनी देवी महिला स्नातकोत्तर महाविद्यालय, अम्बिकापुर के हिंदी विभाग की प्रोफेसर डॉ. विश्वासी एक्का के कुशल एवं विद्वतापूर्ण मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। विश्वविद्यालय द्वारा दो बाह्य परीक्षार्थियों की अनुकूल रिपोर्ट तथा खुले मौखिकी परीक्षण के उपरांत कुलसचिव द्वारा अधिसूचना जारी कर उन्हें इस उपाधि हेतु पात्र घोषित किया गया। संस्कृतिक एवं साहित्यिक संस्था ‘संस्कार भारती’ के जिला महामंत्री के रूप में डॉ. शिव कुमार दुबे का योगदान सदैव उल्लेखनीय रहा है। अपने अध्यापन एवं सांगठनिक दायित्वों का कुशलतापूर्वक निर्वहन करते हुए प्रसिद्ध गीतकार व कवि गुलजार के गीतों के काव्य-सौंदर्य पर किया गया उनका यह गहन शोध कार्य हिंदी साहित्य के क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण योगदान सिद्ध होगा।
उनकी इस गरिमामयी उपलब्धि एवं ‘डॉक्टर’ की उपाधि से विभूषित होने पर संस्कार भारती के प्रांतीय महामंत्री हेमंत माहुलीकर, प्रांतीय कोष प्रमुख जे. एस. मानसर, जिला अध्यक्ष कामेश्वर धर दीवान, जिला कार्यकारी अध्यक्ष ,जिला कोष प्रमुख राज यादव, मंत्री कन्हैया यादव तथा आईटी सेल प्रभारी भवानी गोपाल निजी दोस्तो में खुशी व्याप्त है।
